चिड़ावा, 11 फरवरी 2025: शहर के वार्ड 12 की आदर्श कॉलोनी में पिछले छह माह से पेयजल संकट गहराया हुआ है। स्थानीय निवासी पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं और मजबूरी में निजी टैंकरों से पानी खरीदने पर मजबूर हैं। इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर वार्डवासियों ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा।
छह माह से पानी के लिए तरस रहे लोग
आदर्श कॉलोनी के लोगों को छह महीनों से नियमित जल आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे उन्हें अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संपन्न परिवार तो टैंकरों से पानी खरीद रहे हैं, लेकिन गरीब परिवारों के लिए यह विकल्प नहीं होने के कारण वे दूर-दराज से पानी लाने को विवश हैं। कई बुजुर्ग व महिलाएं सिर पर मटके रखकर लंबी दूरी तय कर पानी भरने जाती हैं, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है।

राजनीतिक दबाव के कारण अटका समाधान
ज्ञापन में बताया गया कि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए जलदाय विभाग ने एक नए कुएं को जलापूर्ति से जोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते यह कार्य अधूरा रह गया। इससे न केवल लोगों की उम्मीदों को झटका लगा, बल्कि उनकी परेशानी भी बढ़ गई। वार्डवासियों ने प्रशासन से इस मामले में ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या उत्पन्न न हो।
एसडीएम ने दिया आश्वासन
समस्या को लेकर वार्डवासियों ने उपखंड अधिकारी से मिलकर जल्द समाधान की मांग की। एसडीएम ने ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया और समस्या के स्थायी समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जलदाय विभाग से वार्ता कर जल्द ही इस संकट को दूर करने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में ये रहे शामिल
ज्ञापन सौंपने वालों में सूरजभान, मनरूप सिंह, राहुल, हवा सिंह, विमला, रेखा, सरिता, रोशनी, सुभीता, संतोष, धर्मा, परमेश्वरी सहित कई वार्डवासी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर प्रशासन से अपील की कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।




