चिड़ावा, 14 सितम्बर 2024: लोहिया पब्लिक स्कूल में 14 सितंबर को हिंदी दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने हिंदी भाषा के प्रति छात्र-छात्राओं का प्रेम और लगाव दर्शाया।
कविता पाठ ने बांधा समां
हिंदी दिवस के मुख्य आकर्षण रहे कविता पाठ प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने हास्य, वीरता और समाजिक मुद्दों पर आधारित कविताओं का सुंदर पाठ किया। 21वीं सदी की चुनौतियों, नारी शक्ति, शिक्षा पद्धति और बेटी बचाओ जैसे विषयों पर केंद्रित कविताओं ने सभी को प्रभावित किया।
विजेताओं को मिला सम्मान
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उच्च माध्यमिक स्तर पर श्रेष्ठा, हर्षिता और कंचन क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं। इसी तरह, उच्च प्राथमिक स्तर पर दिव्या वर्मा, यशु और एकांशी-नव्या ने शीर्ष तीन स्थान प्राप्त किए। प्राथमिक स्तर पर छात्रों ने विभिन्न वेशभूषा, नाटकों और स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से हिंदी दिवस को और खास बनाया।
विशिष्ट अतिथियों का किया गया स्वागत
कार्यक्रम में संस्था के चेयरमैन राम सिंह नेहरा, निदेशक जगपाल सिंह यादव और नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय सिंह बडेसरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रिंसिपल प्रमोदिनी दुबे, प्रधानाचार्या प्रमिला झाझडिया, संस्था सचिव प्रदीप नेहरा, चेयरपर्सन ममता नेहरा और कोऑर्डिनेटर प्रदीप शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
हिंदी भाषा को बढ़ावा देने पर दिया जोर
मुख्य अतिथि राम सिंह नेहरा और निदेशक जगपाल सिंह यादव ने अपने संबोधन में हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला और छात्र-छात्राओं को हिंदी भाषा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्रीय भाषा है और हमें इसे संजोकर रखना चाहिए।
सफल आयोजन
कविता सोनी ने कार्यक्रम का मधुर वाणी में संचालन किया। समूचे कार्यक्रम का आयोजन बेहद सफल रहा और सभी ने मिलकर हिंदी दिवस को यादगार बनाया।