चिड़ावा: रिको क्षेत्र में शाम करीब पांच बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 11 केवी विद्युत लाइन का पोल टूट गया और तार सड़क पर गिर गया। हाईटेंशन लाइन सड़क पर गिरते ही दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोग दहशत में आ गए। लाइन टूटकर सड़क पर फैल जाने के कारण करीब एक घंटे तक ट्रैफिक पूरी तरह बाधित रहा। वाहन चालकों को इंतजार करना पड़ा और कई लोग वैकल्पिक रास्तों से निकलने को मजबूर हुए। घटना के तुरंत बाद एक जागरूक युवा समाजसेवी ने स्थिति को समझते हुए तत्परता दिखाई। उसने मौके पर मौजूद लोगों को सड़क से दूर किया, तार के आसपास भीड़ नहीं लगने दी और ट्रैफिक को रोककर संभावित हादसे को टाल दिया। उसकी सूझबूझ के कारण कोई हादसा नहीं हुआ। सूचना मिलने पर रिको पावर हाउस से कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त लाइन को सुरक्षित तरीके से हटाया। लाइन हटाए जाने के बाद सड़क पर फंसे वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगे और ट्रैफिक सुचारू हुआ।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सावधानी नहीं बरती जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता भी व्यक्त की गई।




