बिकानेर/जयपुर: प्रदेश के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियों का इंतजार कर रहे बच्चों के लिए अच्छी खबर है। शिक्षा विभाग ने दिसंबर माह का शैक्षिक कैलेंडर जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि राजस्थान में 25 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक स्कूलों में विंटर वेकेशन रहेगा।
इसके साथ ही गुरु गोविंद सिंह जयंती और क्रिसमस की छुट्टियां भी इसी अवधि में शामिल होंगी। बीते वर्षों में छुट्टियां 31 दिसंबर तक ही रहती थीं, जिसे अब बढ़ाकर 5 जनवरी कर दिया गया है।
दिसंबर में रविवार को छोड़ कोई छुट्टी नहीं – शिक्षा विभाग का स्पष्टीकरण
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने यह भी साफ किया है कि 15 दिसंबर से छुट्टी शुरू होने जैसी किसी भी जानकारी पर विश्वास न करें। विभाग ने दोहराया है कि सर्दी की छुट्टियां केवल 25 दिसंबर से ही लागू होंगी।
इससे पहले कई स्कूलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अफवाहें फैल रही थीं कि छुट्टियां 15 दिसंबर से शुरू हो जाएंगी, लेकिन विभागीय आदेश में ऐसा कुछ नहीं है।
चिडा़वा सीबीईओ उमादत्त झाझडिया ने बताया कि 15 दिसंबर से शीतकालीन अवकाश की खबरें भ्रामक हैं। इस तरह के विभागीय आदेश नहीं जारी किए गए हैं।
शिक्षा विभाग के अनुसार दिसंबर के पहले सप्ताह से ही छात्रों को जागरूक करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिवस मनाए जाएंगे।
1 दिसंबर को विश्व एड्स दिवस और विश्व एकता दिवस विशेष गतिविधियों के साथ स्कूलों में मनाया जाएगा।
3 दिसंबर को विश्व विशेष योग्यजन दिवस पर इनक्लूसिव एजुकेशन को बढ़ावा दिया जाएगा।
10 दिसंबर को मानवाधिकार दिवस और 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस पर विशेष कार्यक्रम शामिल रहेंगे।
दिसंबर का पूरा शैक्षिक कैलेंडर जारी होने के बाद स्कूल अब अपनी परीक्षाओं और बाकी गतिविधियों की योजना नए अनुसार तय करेंगे। 25 दिसंबर से पहले केवल रविवार को ही अवकाश रहेगा। इसी कारण कई स्कूल 15-24 दिसंबर के बीच यूनिट टेस्ट व प्री-बोर्ड परीक्षाएं पूरा करने की तैयारी में जुट गए हैं।





