मलसीसर: उपखंड क्षेत्र के व्यापारियों की ढाणी में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो बालकों की तालाब में डूबने से मृत्यु हो गई। घटना शाम करीब छह बजे की है, जब गांव के कुछ किशोर कब्रिस्तान के समीप स्थित तालाब में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान सूफियान पुत्र मोहम्मद अली निवासी व्यापारियों की ढाणी और झुंझुनूं के काजीवाड़ा क्षेत्र से ननिहाल आए हमजा पुत्र शौकत अली गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। दोनो की उम्र 14 वर्ष थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल प्रयास कर बच्चों को तालाब से बाहर निकाला और मलसीसर के उप जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक दोनों की मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
सूचना के अनुसार, हमजा कुछ समय पहले ही अपने ननिहाल आया हुआ था। घटना के बाद परिवारजनों में शोक की लहर फैल गई है। समाचार लिखे जाने तक रात नौ बजे दोनों बालकों के शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था।
इस दुखद घटना ने गांव में गहरा शोक फैला दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तालाब के पास सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।