मंड्रेला: झुंझुनूं-राजगढ़ मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। एक निजी स्कूल बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 9:27 बजे यह हादसा हुआ। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बच्चों से भरी स्कूल बस मंड्रेला की ओर आ रही थी। इसी दौरान बाइक पर योगेश पुत्र राजेंद्र, निवासी छोटा सुलखनिया अपनी पत्नी कविता और बच्चे के साथ गांव सुलखनिया जा रहा था। ओवरटेक करने की कोशिश में बस का संतुलन बिगड़ा और बाइक चालक अचानक गलत दिशा में मुड़ गया, जिससे आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में योगेश और उसकी पत्नी कविता घायल हो गए। योगेश की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते प्राथमिक उपचार के बाद उसे झुंझुनूं रैफर किया गया। कविता को भी चोटें आई हैं। हादसे के समय बाइक पर उनका बच्चा भी मौजूद था, जो बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। फिलहाल हादसे को लेकर थाना पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस वीडियो और चश्मदीद गवाहों के आधार पर जांच कर रही है।





