सूरजगढ़: ब्लॉक के अगवाना खुर्द गांव में भूगोल व्याख्याता अनिल के ट्रांसफर के बाद ग्रामीणों और विद्यार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। स्कूल पर लोगों ने ताला जड़कर स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक ट्रांसफर निरस्त नहीं होता, तब तक विद्यालय का ताला नहीं खुलेगा। मामला तेजी से वायरल हो रहा है और शिक्षा विभाग पर दबाव बढ़ता दिखाई दे रहा है।
ट्रांसफर से भड़के ग्रामीण, सरकारी स्कूल पर लगाया ताला
अगवाना खुर्द स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 2021 से कार्यरत लेवल प्रथम भूगोल व्याख्याता अनिल के ट्रांसफर आदेश जारी होते ही रविवार सुबह गांव में भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। ग्रामीणों, महिलाओं और सैकड़ों विद्यार्थियों ने स्कूल पहुंचकर मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और अपने जबरदस्त विरोध का इजहार किया।
ग्रामीणों ने कहा कि अनिल ने शिक्षा स्तर बढ़ाया और बच्चों में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। इसी वजह से भामाशाहों ने भी विद्यालय में विकास कार्य करवाए। लोगों ने साफ कहा है कि यदि ट्रांसफर रद्द नहीं होता तो स्कूल नहीं खुलेगा और कोई भी छात्र या स्टाफ भीतर प्रवेश नहीं कर सकेगा।
“शिक्षक की बदली वापस लो, नहीं तो कल से धरना” – ग्रामीणों की सख्त चेतावनी
गांववासियों ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि अनिल की वापसी नहीं हुई तो सोमवार सुबह से विद्यालय प्रांगण में अनिश्चितकालीन धरना शुरू होगा।

गुस्साए अभिभावकों ने कहा कि बच्चों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छात्रों का दावा है कि अनिल के जाने से पढ़ाई प्रभावित होगी और बोर्ड परीक्षाओं में परिणाम गिर सकता है।
बच्चों के छलके आंसू, शिक्षक को रोकने की भावनात्मक अपील
विद्यालय के अधिकांश विद्यार्थियों ने शिक्षक अनिल के ट्रांसफर किए जाने पर आंखों में आंसू भरकर निवेदन किया कि उन्हें इसी स्कूल में रोका जाए। गांव के बुजुर्गों और महिलाओं ने भी कहा कि यह शिक्षक गांव के बच्चों के भविष्य की नींव रख रहा है और इसका जाना पूरे गांव के लिए नुकसान है।
मौके पर पहुंचे अनेक ग्रामीण, एक स्वर में उठी मांग
प्रदर्शन में राजकरण मान, सरपंच प्रतिनिधि चरणसिंह लुणायच, मास्टर जयसिंह मान, राजकरण मान, अजयपाल फोगाट, श्रवण फोगाट, सीताराम जांगिड़, महेंद्र सिंह, राधेश्याम, रामजीलाल, अमीलाल, राजेंद्र, दलीप, मीरा, बिमला, माया, ओमपति और मंजू सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर कहा कि जब तक अध्यापक अनिल कुमार वापस नहीं भेजा जाएगा तब तक ताला नहीं खुलेगा।





