बदायूं में डबल मर्डर: उत्तर प्रदेश के बदायूं में मंगलवार शाम को मामूली विवाद के बाद दो सगे भाइयों की हत्या कर दी गई। इस घटना में तीसरा भाई भी घायल हो गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी साजिद को एनकाउंटर में मार गिराया है, जबकि दूसरे आरोपी जावेद की तलाश जारी है।
एसएसपी बदायूं आलोक प्रियदर्शी ने बुधवार सुबह घटना की जानकारी देते हुए बताया, “कानून-व्यवस्था बिल्कुल सामान्य है। शहर में कोई दिक्कत नहीं है। जनपद में हर जगह स्थिति सामान्य है। हम सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए हैं।”
एसएसपी ने बताया कि आरोपी साजिद अपना नाई का खोखा पीड़ित परिवार के घर के सामने रखता था। उसके घर में आना-जाना भी था। मंगलवार शाम 7:30 बजे वह घर के अंदर गया और छत पर खेल रहे दोनों बच्चों पर हमला कर दिया और उनकी हत्या कर दी।
आरोपी ने भीड़ से निकलकर भागने की कोशिश की
एसएसपी ने बताया कि जब साजिद जाने लगा तो भीड़ ने उसे पकड़ने की कोशिश की। लेकिन वह भीड़ से निकलकर भाग गया। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक बच्चों के घर का निरीक्षण किया और शहर में फ्लैग मार्च निकाला
बुधवार सुबह पुलिस अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने बदायूं में मृतक बच्चों के घर का निरीक्षण किया। मर्डर केस में पुलिस अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने बुधवार सुबह शहर में फ्लैग मार्च निकाला।
बदायूं DM मनोज कुमार ने बताया, “हमें मंगलवार शाम सूचना मिली कि एक आदमी ने घर में घुसकर 11 और 6 साल के दो बच्चों की हत्या कर दी। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।”
हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात है।