पेरिस ओलंपिक 2024: 2024 के पेरिस ओलंपिक का आगाज सीन नदी पर हुए एक भव्य और ऐतिहासिक ओपनिंग सेरेमनी के साथ हो गया है। यह पहला मौका है जब ओलंपिक की ओपनिंग सेरेमनी को स्टेडियम के बाहर आयोजित किया गया। चार घंटे तक चली इस शानदार सेरेमनी में दुनिया भर से आए हजारों दर्शकों ने हिस्सा लिया।
पेरिस ओलिंपिक 2024 की ओपनिंग सेरेमनी ने खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा, जब पहली बार किसी ओलिंपिक उद्घाटन समारोह का आयोजन किसी स्टेडियम के बजाय शहर की प्रतिष्ठित सीन नदी पर किया गया। भारतीय समयानुसार रात 11 बजे 26 जुलाई को आयोजित इस समारोह में दुनियाभर के खिलाड़ियों और दर्शकों ने एक अद्वितीय और मंत्रमुग्ध कर देने वाले आयोजन का अनुभव किया।
ग्रीस ने सबसे पहले मारी एंट्री
ग्रीस, जिसे ओलिंपिक खेलों का जन्मस्थान माना जाता है, ने इस ऐतिहासिक सेरेमनी में सबसे पहले प्रवेश किया। ग्रीस के खिलाड़ियों की नाव ने सीन नदी के किनारे परेड की, जिसमें एक तरफ फाउंटेन चल रहे थे, और एथलीट्स का उत्साह चरम पर था।
इस ओपनिंग सेरेमनी में परेड ऑफ नेशंस को एक नए आयाम में पेश किया गया। 206 देशों के 6500 से अधिक एथलीटों ने 94 नौकाओं पर सवार होकर सीन नदी में परेड की। ग्रीस का दल परेड में सबसे पहले आया, क्योंकि आधुनिक ओलंपिक खेलों की शुरुआत ग्रीस से हुई थी। मेजबान देश फ्रांस का दल सबसे आखिरी में नदी में प्रवेश किया।
नाइजीरियाई महिला बास्केटबॉल टीम को लगा झटका
हालांकि, इस भव्य आयोजन में एक छाया भी देखने को मिली। नाइजीरियाई महिला बास्केटबॉल टीम को प्रतिनिधिमंडल की नाव पर चढ़ने से रोका गया। रिपोर्टों के अनुसार, नाइजीरियाई अधिकारियों ने नाव पर ज्यादा खिलाड़ियों होने के कारण टीम को नाव पर चढ़ने की अनुमति नहीं दी। इस कारण टीम को वापस एथलीट विलेज लौटना पड़ा।
नाइजीरियाई प्रतिनिधिमंडल के बाकी सदस्यों ने नाइजर और नॉर्वे के साथ एक नाव साझा की। इस घटना पर नाइजीरियाई प्रतिनिधिमंडल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
मुकेश अंबानी अपनी पत्नी नीता अंबानी के साथ आए नजर
पेरिस ओलंपिक ओपनिंग सेरेमनी में अंबानी फैमिली भी नजर आई. सेरेमनी के दौरान हल्की बारिश के बीच रेनकोट पहने रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी अपनी पत्नी नीता अंबानी के साथ दर्शकदीर्घा में बैठे नजर आए।
ऐतिहासिक रहा यह आयोजन
1896 से 2020 तक सभी ओलंपिक ओपनिंग सेरेमनी स्टेडियम के अंदर आयोजित की गई थीं। लेकिन पेरिस ओलंपिक ने इस परंपरा को तोड़ते हुए एक नया इतिहास रचा है। सीन नदी पर आयोजित यह ओलंपिक इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग सेरेमनी मानी जा रही है, जिसमें लगभग 3 से 4 लाख दर्शकों ने हिस्सा लिया।
सीन नदी: ओलिंपिक उद्घाटन का मंच
ओलिंपिक खेलों की ओपनिंग सेरेमनी में 200 से अधिक देशों के खिलाड़ियों के डेलिगेशन नावों में सवार होकर सीन नदी पर परेड करते हुए नजर आए। भारतीय दल का प्रतिनिधित्व शटलर पीवी सिंधु और टेबल टेनिस खिलाड़ी शरथ कमल ने किया, जिन्होंने भारतीय तिरंगा फहराया और दर्शकों का मन मोह लिया। सीन नदी को इस विशेष आयोजन के लिए विशेष रूप से साफ किया गया था, और पेरिस की मेयर ने इसे प्रदर्शित करने के लिए नदी में तैराकी भी की।
फ्रेंच पॉप स्टार आया नाकामुरा और अमेरिकी पॉप सिंगर लेडी गागा
सेरेमनी में फ्रेंच पॉप स्टार आया नाकामुरा ने अपनी शानदार परफॉर्मेंस से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसमें उन्होंने फ्रांसीसी संस्कृति और भाषा की खूबसूरती को प्रस्तुत किया।
इसी क्रम में अमेरिकी पॉप सिंगर लेडी गागा ने भी जोरदार प्रस्तुति दी, जिसने समारोह में एक नया उत्साह भर दिया।
मशाल और मिस्टीरियस मैन
समारोह के एक और आकर्षक क्षण में, एक मिस्टीरियस मैन ने ओलिंपिक मशाल के साथ एंट्री की। इस व्यक्ति की पहचान एक रहस्य बनी रही, लेकिन उसकी उपस्थिति ने दर्शकों में खासा उत्साह पैदा कर दिया।
पेरिस ओलंपिक में क्या है खास
पेरिस ओलंपिक में 206 देशों के कुल 10714 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। इस बार 32 खेलों में 329 स्वर्ण पदक दांव पर लगे हैं।