पिलानी: कस्बे में धार्मिक-सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने के उद्देश्य से 14 फरवरी को विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। श्याम मन्दिर प्रांगण में होने वाले इस सम्मेलन को लेकर आयोजन समिति ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। सम्मेलन से पहले भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बनेगा।
विराट हिन्दू सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति के अध्यक्ष लीलाधर विश्नोलिया, सचिव दीपक सोनी और कोषाध्यक्ष महेन्द्र कश्यप ने समिति के संरक्षक पवनजी झखोङिया के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यात्रा मार्ग और समय-सारिणी सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा कर उन्हें अंतिम रूप दिया गया।
आयोजन समिति के सचिव दीपक सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन से पहले गोपीनाथजी मन्दिर से श्याम मन्दिर तक कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा धार्मिक आस्था और एकता का प्रतीक बनेगी, जिसके बाद श्याम मन्दिर प्रांगण में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजित होगा।
सम्मेलन के दौरान सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक मजबूती जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को एक मंच पर जोड़ते हुए सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना है।





