पिलानी, 26 सितंबर: पिलानी में बाईपास स्थित लक्ष्मी कॉलोनीवासियों का संघर्ष आखिरकार रंग लाया। कॉलोनी को एक बार फिर नगरपालिका में शामिल कर लिया गया है। स्वायत्त शासन विभाग द्वारा गजट नोटिफिकेशन के माध्यम से राजस्थान नगरपालिका अधिनियम, 2009 की धारा 3 एवं 10 तथा राजस्थान नगर पालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 3 के अन्तर्गत कॉलोनी को नगरपालिका में शामिल करने की सूचना जारी कर दी गई है। राज्यपाल की आज्ञानुसार स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक एवं विशिष्ट शासन सचिव जुईकर प्रतीक चन्द्रशेखर ने यह आदेश जारी किया है।
स्वायत्त शासन विभाग के गजट नोटिफिकेशन के अनुसार कस्बे की लोहारू रोड़ से लेकर कल्पवृक्ष अस्पताल तक बाइपास स्थित समस्त कॉलोनियों को पुनः नगरपालिका में शामिल किया गया है। इन सभी कॉलोनियों का नया वार्ड नम्बर 30 होगा।
5 साल से संघर्ष कर रहे थे लक्ष्मी कॉलोनीवासी
नवम्बर 2019 में हुए नगरपालिका चुनाव से पहले स्थानीय राजनीति के दबाव में लक्ष्मी कॉलोनी सहित बाईपास क्षेत्र की अन्य कालोनियों को नगरपालिका क्षेत्र से हटा दिया गया था। यहां के लोगों को प्रशासन द्वारा बताया गया था कि इन कॉलोनियों को शहर से 5 किमी दूर की धींधवा ग्राम पंचायत में जोड़ा गया है। हालांकि जब भी किसी काम से यहां के लोग धींधवा जाते, वहां से भी उन्हें यह कह कर टरका दिया जाता था कि उनके नाम ग्राम पंचायत के रिकॉर्ड में नहीं जोड़े गए हैं।
ऐसे में पिछले 5 साल से लक्ष्मी कॉलोनीवासी अपने मूल अधिकारों के लिए भी संघर्ष कर रहे थे। कॉलोनी के लोगों के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य सभी तरह के कार्य रुक गये थे।
2023 में किया था विधानसभा चुनाव का बहिष्कार
लक्ष्मी कॉलोनीवासी पार्षद राजकुमार नायक के नेतृत्व में लगातार अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे थे। तत्कालीन विधायक जेपी चंदेलिया सहित जिले के प्रभारी मंत्री, प्रभारी सचिव, जिला कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार तक पार्षद राजकुमार नायक के नेतृत्व में यहां के बाशिंदे अपनी पीड़ा लेकर पहुंचे लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। आखिरकार विधानसभा चुनाव 2023 से पहले यहां के लोगों ने मतदान बहिष्कार की घोषणा कर दी और धरने पर बैठ गए। उस वक्त नगरपालिका ईओ प्रियंका बुडानिया ने धरने पर पहुंच कर कॉलोनी के लोगों के साथ बात की और अपने स्तर पर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना वापस ले लिया गया था और नगरपालिका द्वारा कॉलोनी के लोगों के लिए आवश्यक दस्तावेज जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी।
कॉलोनीवासियों ने मनाया जश्न
परिसीमन प्रक्रिया में बाईपास क्षेत्र की कॉलोनियों को वापस नगरपालिका में जोड़ दिए जाने का आदेश जारी होने की जानकारी मिलने पर आज लक्ष्मी कॉलोनी में जश्न का माहौल रहा। कॉलोनी के लोगों ने संघर्ष का नेतृत्व करने के लिए पार्षद राजकुमार नायक का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया और मिठाई बांटकर खुशियां मनाई। पार्षद राजकुमार नायक ने कहा कि आज यहां के लोगों के लम्बे संघर्ष का सुखद परिणाम आया है, कॉलोनीवासी अब फिर से पिलानी नगरपालिका के नागरिक होंगे। पार्षद नायक ने प्रशासन व सरकार का आभार व्यक्त किया है।
ये रहे मौजूद
बाईपास क्षेत्र की कॉलोनियों को नगरपालिका में शामिल करने पर आज राजकुमार नायक, दलीप सिंह खीचड़, लक्ष्मण सिंह भाटी, महादेव जांगिड़, पोकर मल सैनी, मदन सैनी, संदीप धनखड़, प्रदीप धनखड़, प्रताप सिंह ढाका, बलवान जांगिड़, सांवरमल आलड़िया, कर्णसिंह, अशोक फौजी, भादर नायक, राजेन्द्र नायक, बजरंग लाल आलड़िया, गिरधारी लाल सैनी, अनिल कुमार आलड़िया, राहुल, आशीष कुमार, मुकेश खीचड़, राकेश कुमार, अजय कुमार जैदिया, धर्मेन्द्र कौशिक, धर्मपाल गोदारा, सोनू कुमार सहित अन्य कॉलोनीवासियों ने एक दूसरे को बधाई देते हुए मिठाई बांटी।





