पिलानी: क्षेत्र के लीखवा गांव से रविवार दोपहर घर से निकले तीन किशोर देर रात तक वापस नहीं लौटे, जिसके बाद परिवारों में हड़कंप मच गया। बाइक पर निकले तीनों दोस्तों को लोहारू में सीसीटीवी कैमरे में देखा जाना उनकी लोकेशन का आखिरी पता माना जा रहा है। पुलिस, ग्रामीण और परिजन अब हर संभव जगह तलाश कर रहे हैं।
रविवार दोपहर करीब सवा दो बजे लीखवा गांव के मयंक अग्रवाल, गौरीश और गौतम जांगिड़ घर से निकले थे। तीनों बालक 15-16 साल के हैं। देर रात तक तीनों वापस नहीं लौटे तो परिवार वालों की चिंता बढ़ गई। तीनों दोस्त दोपहर तक गांव में पतंगबाजी करते हुए दिखे थे और फिर बाइक लेकर बाहर चले गए।
परिजनों के अनुसार तीनों लड़कों के पास एचएफ डीलक्स बाइक थी, जिसका नंबर RJ18 SJ9562 है। घर से निकलने के करीब 15-20 मिनट बाद यानी 2:45 बजे तीनों लोहारू में सीसीटीवी कैमरे में भी दिखाई दिए। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला

परिवारों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मयंक अग्रवाल के पिता सज्जन अग्रवाल, गौतम जांगिड़ के पिता सुनील जांगिड़ और गौरीश के पिता रोहिताश सिंह शेखावत ने ग्रामीणों से आग्रह किया है कि किसी को भी तीनों बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत संपर्क करें। सज्जन अग्रवाल का फोन नंबर 9929967259 और रोहिताश सिंह शेखावत का नंबर 9887124227 जारी किया गया है।
सभी परिजन और पुलिस मिलकर किशोरों की तलाश में जुटे हैं। ग्रामीणों, यात्री बस चालकों, दुकानदारों और हाईवे से जुड़े लोगों से अपील की गई है कि बाइक व लड़कों को कहीं भी देखें तो तुरंत सूचना दें ताकि बच्चे सुरक्षित घर लौट सकें।





