पिलानी: इलाके में अपहरण और मारपीट के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5000-5000 रुपये के ईनामी बदमाश सतीश सिंह और अमन कुमार को दबोच लिया। मामला 10 जून 2025 की उस रात का है, जब सुरजभान के साथ काली गाड़ी में आए तीन युवकों ने सामूहिक मारपीट कर अपहरण किया था।
10 जून 2025 की रात करीब 11:30 बजे सुरजभान पिलानी से अपने गांव बिशनपुरा लौट रहा था। पहाड़ी पुलिया के पास एक काली कार आकर रुकी जिसमें सतीश सिंह, अमन कुमार और अमित कुमार मौजूद थे। आरोपियों के हाथ में लाठी-डंडे थे। सुरजभान को मोटरसाइकिल से उतारकर तीनों ने बेरहमी से पीटा और जबरन कार में डालकर भोजा का बास जोहड़ी की तरफ ले गए, जहां दोबारा हमला किया गया। इसी आधार पर मुकदमा दर्ज हुआ और अनुसंधान कमल सिंह को सौंपा गया।
जांच में आरोप अमित कुमार, सतीश सिंह और अमन कुमार के खिलाफ प्रमाणित हुए। पहले अमित कुमार को पकड़कर जेल भेजा गया था। लेकिन सतीश सिंह और अमन कुमार लगातार फरार चल रहे थे। 11 दिसंबर 2025 को दोनों को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों पर 5000-5000 रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी का नेतृत्व चंद्रभान कर रहे थे जबकि टीम में कमल सिंह, धर्मवीर, सरिता और महावीर का विशेष योगदान रहा।
गिरफ्तार किए गए सतीश सिंह की उम्र 29 वर्ष है और वह छापड़ा, पिलानी का रहने वाला है। दूसरा आरोपी अमन कुमार, जिसकी उम्र 20 वर्ष है, मूल रूप से सिघानी, लुहारू (भिवानी हरियाणा) का निवासी है और फिलहाल जनकपुरी कॉलोनी, चिडावा बाईपास, पिलानी में रह रहा था।
पिलानी पुलिस के अनुसार सतीश सिंह पर पहले भी कई गंभीर केस दर्ज हैं। उस पर 22 अक्टूबर 2023 को मारपीट व रास्ता रोकने का मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा 2024 और 2023 में आर्म्स एक्ट के मामलों में भी कार्रवाई की जा चुकी है।
अमन कुमार पर 19 सितंबर 2024 को बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसमें चोट पहुंचाने और अन्य गंभीर अपराधों के आरोप शामिल थे।




