चिड़ावा: क्षेत्र के उभरते खिलाड़ी अमन सिंह ने 7th नेशनल इंडो किक चैंपियनशिप 2025 में सिल्वर मेडल जीतकर राष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। ककराय निवासी इस बाल खिलाड़ी की उपलब्धि से चिड़ावा में खुशी की लहर दौड़ गई है।
जीवनी स्कूल चिड़ावा में 7 दिसंबर को आयोजित प्रतिष्ठित नेशनल इंडो किक चैंपियनशिप 2025 में अमन सिंह ने शानदार खेल कौशल दिखाते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। छोटे विद्यार्थी की इस जीत ने परिवार, स्कूल और पूरे गांव में गर्व की भावना पैदा की है।
अमन सिंह वर्तमान में चिड़ावा के सेंट विवेकानंद पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 में पढ़ाई कर रहा है। प्राइवेट जॉब करने वाले पिता और गृहिणी माता के सपनों को अमन ने अपने मेडल से पंख दे दिए हैं। प्रतियोगिता में सफलता की खबर मिलते ही घर में जश्न और खुशी का माहौल बन गया।
राष्ट्रीय मेडल विजेता बनकर लौटने पर अमन सिंह का स्कूल में संस्था प्रधान अनिल गुप्ता और शिक्षकों द्वारा स्वागत किया गया। सभी ने अमन की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि यह उपलब्धि दूसरे छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
चिड़ावा की जीवनी स्कूल द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर प्रदान कर रही है।
अमन सिंह की जीत से ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के प्रति जागरूकता और रुचि भी बढ़ी है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी तरह प्रोत्साहन मिलता रहा तो आने वाले समय में चिड़ावा से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकते हैं।




