चिड़ावा: दो युवकों द्वारा एक नाबालिग से दोस्ती कर उसी के घर में लाखों रुपए के जेवरात चोरी करने की सनसनीखेज घटना को अंजाम देने की वारदात की शिकायत चिड़ावा पुलिस थाने में दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के वार्ड नंबर 11, विश्वकर्मा मंदिर के पास रहने वाले आरिफ खान लीलगर पुत्र सलीम खान ने पुलिस थाना चिड़ावा में दी गई शिकायत में बताया कि विक्रांत ओर विशाल नाम के दो युवकों ने उसके नाबालिग पुत्र रेहान से लगभग एक महीने पहले दोस्ती की, दोनों युवक दोस्ती के बहाने उसके घर पर आने जाने लगे।
शिकायत के अनुसार 8 नवंबर को दोनों युवक एक अन्य युवती नव्या के साथ आरिफ के घर पर आए। उस समय घर पर आरिफ की बीवी रूबीना ओर रेहान ही थे। रुबीना को नव्या अपने साथ पड़ोस में ही सूट सिलवाने के लिए ले गई जबकि विक्रांत ओर विशाल ने रेहान को धमका कर तिजोरी की चाबियां मांगी। शिकायत के अनुसार दोनों ने स्कूल के बाहर पिटाई करने की धमकी दी। डर के मारे रेहान ने दोनों को तिजोरी की चाबी सौंप दी।
शुक्रवार 28 नवम्बर को परिवार के शादी समारोह में शामिल होने के लिए घरवालों द्वारा जेवरातों को सम्हाला गया। जब घर के कमरों की अलमारी में बनी तिजोरियों में रखे गहनों के डिब्बे खोलकर देखा तो घरवालों के होश उड़ गए।
घर के दो कमरों में बनी अलमारियों में रखे गहनों के डिब्बे खाली थे। चोरों ने सिर्फ नकली गहने ही वहां छोड़े और गलसरी, गलपटिया, 4 सोने का चूड़ा, मंगलसूत्र, 2 सोने के कड़े, सोने के टॉप्स, मांग टीका सहित लगभग 30 लाख रुपए कीमत के आभूषण पार कर दिए।
चोरी कि शिकायत लिखित में चिड़ावा पुलिस थाने में दी गई है। शिकायत पर सीआई आशाराम गुर्जर ने जांच एएसआई बलबीर चावला को सौंप दी गई।





