नई दिल्ली: दिल्ली की बीजेपी सरकार में आज रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री के साथ छह नए मंत्रियों को दिल्ली कैबिनेट के पद की शपथ दिलाई जाएगी। ताजा जानकारी के अनुसार, प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।
हालांकि, दिल्ली विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाने वाले कई दिग्गज नेताओं को मुख्यमंत्री पद से बाहर रखा गया है। इसमें प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता, आशीष सूद और मनजिंदर सिंह सिरसा जैसे बड़े नेता शामिल हैं। इनकी जगह रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद के लिए प्राथमिकता दी गई है। सूत्रों के अनुसार, प्रवेश वर्मा को दिल्ली सरकार में उपमुख्यमंत्री बनने का मौका मिल सकता है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस संबंध में ट्विटर पर वर्मा को उपमुख्यमंत्री चुने जाने की बधाई दी थी, लेकिन बाद में उन्होंने यह पोस्ट हटा ली। इस पोस्ट को हटाने के बाद वर्मा के नाम की चर्चा फिर से तेज हो गई है।

विजेंद्र गुप्ता को मिल सकती है विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी
कुछ नेताओं का मानना है कि उपमुख्यमंत्री पद को लेकर अभी निर्णय नहीं हुआ है, लेकिन यह माना जा रहा है कि विजेंद्र गुप्ता मंत्री पद पर काबिज होंगे। वहीं, तीसरी बार विधानसभा पहुंचे पूर्व नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता को विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
नए मंत्री पद की शपथ लेने वाले विधायक
नई दिल्ली से विधायक प्रवेश वर्मा, जनकपुरी के विधायक आशीष सूद, राजौरी गार्डन के विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा, बवाना के विधायक रविंद्र इंद्राज, करावल नगर के विधायक कपिल मिश्रा और विकासपुरी के विधायक डॉ. पंकज कुमार सिंह आज मंत्री पद की शपथ लेंगे। इन विधायकों के मंत्री बनने से दिल्ली सरकार की नई दिशा तय होगी।
Delhi swearing-in ceremony | Parvesh Sahib Singh, Ashish Sood, Manjinder Singh Sirsa, Ravinder Indraj Singh, Kapil Mishra and Pankaj Kumar Singh to take oath as Ministers today. pic.twitter.com/1Gbvkq9xK7
— ANI (@ANI) February 20, 2025
परिवारवाद और महिला सशक्तिकरण की रणनीति
प्रवेश वर्मा और पूर्व नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता को मुख्यमंत्री पद का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था। सूत्रों के अनुसार, परिवारवाद के आरोप से बचने के लिए वर्मा को मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया। वहीं, विजेंद्र गुप्ता की जगह रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई। रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाए जाने का एक कारण यह भी है कि इससे वैश्य समुदाय और महिलाओं को ध्यान में रखते हुए पार्टी को राजनीतिक लाभ मिल सकता है।

रेखा गुप्ता को बधाई
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने रेखा गुप्ता को भाजपा विधायक दल की नेता चुने जाने पर बधाई दी। चहल ने कहा, “अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में रेखा गुप्ता ने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और शहरी विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया है। उनकी नेतृत्व क्षमता और जमीनी स्तर पर काम करने की प्रतिबद्धता ने उन्हें जनता के बीच लोकप्रिय बना दिया है।”
चहल ने यह भी कहा कि भाजपा 27 वर्षों के बाद दिल्ली की सत्ता में वापस आई है, और अब एकजुट होकर हम दिल्ली के समग्र विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।