तंजानिया: के किलिमंजारो क्षेत्र के सबसाबा इलाके में शनिवार की शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 38 लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक बस का टायर अचानक पंचर हो गया और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। असंतुलित बस सामने से आ रही एक मिनीबस से टकरा गई, जिससे दोनों वाहनों में आग लग गई। आग की तीव्रता ऐसी थी कि अधिकांश यात्री बाहर नहीं निकल सके।
स्थानीय प्रशासन और मीडिया के अनुसार, बस में सवार अधिकांश लोग एक शादी समारोह में जा रहे थे। इस कारण वाहन में सामान्य से अधिक यात्री मौजूद थे। दुर्घटना के तुरंत बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बचाव कार्य के लिए पुलिस व राहत दल मौके पर पहुंचे। दोनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे और अब तक केवल दो शवों की ही पहचान हो सकी है, जबकि 36 अन्य की पहचान जलने की गंभीरता के कारण नहीं हो पाई है।
घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से छह की स्थिति अत्यंत नाजुक बताई जा रही है। माना जा रहा है कि मृतकों में अधिकांश तंजानिया के ही निवासी हैं। दुर्घटना के पीछे ओवरलोडिंग, खराब सड़क सुरक्षा और तेज़ रफ्तार को कारण माना जा रहा है।
तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा कि यह त्रासदी समस्त तंजानियाई नागरिकों के लिए एक गहरा आघात है। उन्होंने मृतकों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। सरकारी स्तर पर इस दुर्घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।