पिलानी, 17 मार्च 2025: डेढ़ साल से पेयजल आपूर्ति की समस्या से जूझ रही कस्बे के वार्ड नं 21 की महिलाएं आज अपनी समस्या को लेकर विधायक पितराम सिंह काला से मिलीं। विधायक काला को उन्होंने बताया कि साल 2023 में शहर के बड़ चौक के पास बना हुआ जलदाय विभाग का बोरवेल खराब हो गया था। डेढ़ साल में जलदाय विभाग के अधिकारियों को कई बार इसे सुधारने के लिए लिखित शिकायतें भी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई आज दिन तक नहीं हुई है।

विधायक पितराम सिंह काला को वार्ड की दीपाली सुनील रूंगटा ने बताया कि इस बोरवेल के माध्यम से क्षेत्र के सैंकड़ों घरों तक पानी की सप्लाई होती थी। डेढ़ साल से खराब पड़े बोरवेल की वजह से इन सभी परिवारों को टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। जलदाय विभाग के अधिकारी वार्ड के लोगों की समस्या की लगातार अनदेखी कर रहे हैं। वार्ड की खुशबू, कौशल्या, किशोरी, सुधा, संतोष आदि महिलाएं समस्या को लेकर विधायक काला से मिलने पहुंची थी।

विधायक पितराम सिंह काला ने बताया कि उनके द्वारा 5 बोरवेल की स्वीकृति के लिए जलदाय विभाग को सिफारिश की गई है, जिसमें वार्ड नं 21 का बोरवेल भी शामिल है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग द्वारा स्वीकृति जारी करते ही, तुरन्त प्रभाव से बोरवेल बनवा दिया जाएगा।