झुंझुनू: जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों को दबाव में लाने के लिए जिला पुलिस ने 11 और 12 जनवरी को चलाए गये एरिया डोमिनेशन अभियान में बड़ी सफलता हासिल की। दो दिवसीय ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 24 घंटे सक्रिय रहते हुए कई स्थानों पर दबिश देकर 103 अपराधियों को पकड़ा, जिसमें स्थाई वारंटीआरोपी, गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े लोग, शांतिभंग के आरोपी और साइबर ठगी में संलिप्त तत्व शामिल रहे।
24 घंटे में 439 जगह दबिश, 103 गिरफ्तार
जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि जिलेभर में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस की 66 टीमों में शामिल 295 कर्मचारियों ने लगातार 24 घंटे तक 439 अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। दबिशों के बाद कुल 103 अपराधियों व गैरसायलों को गिरफ्तार कर पुलिस ने अपराध जगत में हलचल पैदा की।
अभियान के दौरान स्थाई वारण्टी, उद्घोषित अपराधी, बीएनएसएस में वांछित व्यक्ति, शांतिभंग के आरोपी और सामान्य मामलों में फरार लोग पुलिस जाल में फंस गए।
पुलिस ने कई गंभीर मामलों में की कार्रवाई
अभियान में गंभीर धाराओं से जुड़े आरोपित भी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के एक आरोपी, साथ ही एक इनामी अपराधी को भी दबोचा। इसके अलावा सामान्य मामलों में वांछित 22 आरोपित और 54 शांतिभंग के आरोपी हिरासत में लिए गए, जिससे जिले की सुरक्षा व्यवस्था का दायरा मजबूत हुआ।
साइबर अपराधियों पर बगड़ पुलिस की कार्रवाई
बगड़ थाना पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी मामलों में शामिल दो खाताधारकों को गिरफ्तार कर नेटवर्क की जांच तेज की। पुलिस का मानना है कि इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी के लिए किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आगे की जांच में अन्य संलिप्त व्यक्तियों तक पहुंचने के प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं।
अवैध शराब, जुआ और खनन पर भी सख्ती
अभियान के दौरान अवैध गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाया गया। पुलिस ने अवैध शराब के चार प्रकरण दर्ज किए और जुआ अधिनियम के तहत दो मामलों में कार्रवाई की।

बुहाना और उदयपुरवाटी पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई कर दो आरोपितों को पकड़ा। साथ ही एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित अवैध रूप से भरे पत्थर भी जब्त किए गए, जिससे खनन माफिया पर सख्त संदेश गया।
सक्रिय अपराधियों से पूछताछ, इंटेलिजेंस जुटाई गई
अभियान के दौरान पुलिस ने 17 सक्रिय अपराधियों को पूछताछ के लिए चिन्हित किया। संभावित गैंगवार, आगामी आपराधिक योजनाओं और जिले में सक्रिय नेटवर्कों से संबंधित महत्वपूर्ण इनपुट संग्रहित किए गये, जिससे भविष्य की रोकथाम कार्यवाही और प्रभावी हो सके।
कड़े अभियान से अपराधियों में खौफ, जनता में सुरक्षा भावना
जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने कहा कि इस ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य जिले में शांति स्थापित करना, अपराधियों को सक्रिय होने से रोकना और जनता में भरोसा कायम करना है।
उन्होंने कहा कि पुलिस निरंतर कार्रवाई जारी रखेगी, ताकि असामाजिक तत्वों को जगह न मिले और नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें। साथ ही आमजन को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई।





