झुंझुनूं: जिले में साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिस ने दूसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई की है। गुढागौड़जी थाना पुलिस ने एक और पचेरीकला थाना पुलिस ने छह खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। ये लोग संदिग्ध म्यूल अकाउंट (Mule Account) के जरिए साइबर अपराध में संलिप्त पाए गए। पुलिस ने बताया कि कुछ खाताधारकों ने अपने खाते किराए पर दिए थे।
गुढागौड़जी थाना पुलिस की कार्रवाई
गुढागौड़जी थाना क्षेत्र में थानाधिकारी राममनोहर के नेतृत्व में टीम ने सचिन कुमार पुत्र पृथ्वीराम, जाति मेघवाल, उम्र 21 वर्ष, निवासी टोडी, गुढागौड़जी को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपना बैंक खाता किराए पर दिया था, जिसका इस्तेमाल साइबर फ्रॉड में किया गया। एएसआई सज्जन सिंह और कांस्टेबल सतवीर सिंह की टीम इस कार्रवाई में शामिल रही।
पचेरीकला थाना पुलिस की कार्रवाई
पचेरीकला थाना क्षेत्र में थानाधिकारी राजपाल की अगुवाई में पुलिस ने कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें पवन पुत्र बलवीर (मेघपुर), पवन पुत्र माडुराम (देवलावास), प्रवीण पुत्र रणवीरसिंह (देवलावास), राहुल पुत्र राजेंद्रसिंह (सांतौर), अनिल पुत्र सत्यवीरसिंह (डुमोली खुर्द) और अनिल उर्फ आनिया पुत्र जगदीप्रसाद (डुमोली खुर्द, थाना सिंघाना) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इन खातों से जुड़ी शिकायतें राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज थीं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत (RPS) के मार्गदर्शन में हुई। गुढागौड़जी कार्रवाई की सुपरविजन राजवीर सिंह (RPS) ने की, जबकि पचेरीकला की कार्रवाई की देखरेख नोपाराम भाकर (RPS) ने की।
क्षेत्र में जारी रहेगा अभियान
झुंझुनूं पुलिस ने साफ किया है कि साइबर अपराध में संलिप्त खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर खातों के जरिए हुई लेनदेन की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।







