चिड़ावा: शहर में मंगलवार रात करीब आठ बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बेकाबू सांड ने राहगीरों पर हमला कर दिया। शहर के व्यस्ततम मार्ग विवेकानंद चौक से मुख्य बाजार की तरफ जाने वाले रास्ते पर हुई इस घटना में एक महिला समेत कुल चार लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांड ने सबसे पहले एक महिला को निशाना बनाया जिससे वह घायल हो गई। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, सांड ने एक स्थानीय व्यापारी सुरेश डालमिया पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह व्यापारी को सांड के चंगुल से बचाया और उन्हें तुरंत बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। बताया गया है कि सुरेश डालमिया को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इसके कुछ देर बाद ही सांड ने दो स्कूटी सवार अशोक पुजारी व चंद्रप्रकाश पुजारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अशोक पुजारी को गहरी चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें भी निजी वाहन से उसी अस्पताल ले जाया गया। खबर मिलते ही, स्थानीय गौरक्षा दल की टीम हरकत में आई और तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
गौरक्षा दल के सदस्यों, जिनमें विक्की हर्षवाल, अंकित वर्मा, सुमित वर्मा, अभिषेक पारीक (बिट्टू), अजय नायक और बाबूसिंह राजपुरोहित शामिल थे, ने कड़ी मशक्कत के बाद सांड को काबू में किया। गौरक्षकों ने बताया कि सांड रेबीज से पीड़ित होने के कारण आक्रामक हो गया था। इस हमले से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। गंभीर रूप से घायल अशोक पुजारी का अभी भी अस्पताल में उपचार जारी है।