चिड़ावा: शहर की परमहंस बस्ती में टिबड़ा गेस्ट हाउस में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन और भव्य कलश यात्रा ने रविवार को पूरे क्षेत्र को धार्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। 1101 कलशों और धर्म ध्वजाओं के साथ निकली शोभायात्रा, समरसता यज्ञ, राम-लक्ष्मीबाई सहित धार्मिक झांकियों और मातृशक्ति की व्यापक भागीदारी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
धार्मिक वातावरण में हुआ सम्मेलन का शुभारंभ
परमहंस बस्ती स्थित टिबड़ा गेस्ट हाउस में आयोजित इस विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन शुक्र गिरी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोजन समिति अध्यक्ष दामोदर प्रसाद हिम्मतरामका ने की, जबकि प्रभु शरण तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रवादी चिंतक गेंदालाल ने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों की प्रासंगिकता पर विस्तार से विचार रखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती और प्रभु श्रीराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंगलाचरण प्रभु शरण तिवारी द्वारा किया गया, जिन्होंने हिंदू संस्कृति की व्यापक व्याख्या प्रस्तुत की।
मुख्य वक्ता ने दिया सनातन मूल्यों को अपनाने का संदेश
मुख्य वक्ता गेंदालाल ने अपने संबोधन में कहा कि आज के वैश्विक परिदृश्य में भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्य ही विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं। उन्होंने परिवारों से आह्वान किया कि वे आधुनिक पाश्चात्य प्रभावों से बच्चों को बचाते हुए पुरातन संस्कृति, परंपराओं और कथाओं से उन्हें जोड़ें। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक जागरूकता ही राष्ट्र निर्माण का आधार है।
1101 कलशों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
कार्यक्रम से पूर्व पुरानी बस्ती स्थित श्याम मंदिर गेस्ट हाउस से 1101 कलश और धर्म ध्वजाओं के साथ विशाल कलश यात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों की धुन पर निकली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। भगवान राम, लक्ष्मीबाई, परमहंस पंडित गणेश नारायण बावलिया बाबा और शिव परिवार की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आयोजन स्थल पर समरसता यज्ञ का भी आयोजन किया गया, जिसमें सामूहिक आहुति देकर समाज में एकता और समरसता का संदेश दिया गया।
बड़ी संख्या में मातृशक्ति और गणमान्य रहे मौजूद
सम्मेलन में चिड़ावा की सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और 21 सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रवीण वर्मा, अजय बागड़ी, मूलचंद नरहड़िया, राजकुमार जिसपाल, मोहित कुमार, सुशील कुमार, गिरधारी बागड़ी, चंद्रशेखर, रमेश धानुका, बबीता जिसपाल, मनोहरलाल, संतोष देवी, मनोहर लाल जांगिड़, कांति प्रसाद हलवाई, अंकित भगेरिया, शुभम भगेरिया, सूरजभान, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी राजेश हलवान, सुनील शर्मा, अनिल अनमोल, विद्या वर्मा, टीना शर्मा, रामचंद्र शर्मा, रमेश यादव, अनीता शर्मा, पुष्पा भगेरिया, मीनू लाट, नरेंद्र गिरधर, मोहित तामडायत, अन्नू तंवर, आजाद, प्रेम गोदारा, कविता शर्मा, राजू मालानी, संतोष, अर्चना वर्मा, करुणा मोदी, मुकेश जलिन्द्रा और राजीव व्यास सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक प्रदीप मोदी ने किया, जिन्होंने आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्य पर प्रकाश डाला।





