चिड़ावा: थाना क्षेत्र में वन विभाग टीम की सरकारी गाड़ी को पिकअप वाहन से टक्कर मारकर राजकार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक झुंझुनू बृजेश ज्योति उपाध्याय (आईपीएस) के निर्देशों पर की गई।
वृताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में थाना चिड़ावा प्रभारी कैलाश चन्द्र के नेतृत्व में टीम ने 27 फरवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया।
घटना 25 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 5:02 बजे की है। क्षेत्रीय वन अधिकारी संदीप लोयल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वन सुरक्षा मंडल झुंझुनू की गश्ती टीम, जिसमें अमरसिंह वनरक्षक, सुनील कुमार वनरक्षक और वाहन चालक राजकुमार शामिल थे, राजकीय वाहन आरजे 18 यूए 6737 से कबूतखाना बस स्टैंड, खेतड़ी रोड चिड़ावा क्षेत्र में नाकाबंदी कर रही थी।
उसी दौरान खेजड़ी लकड़ी से भरी चार पिकअप गाड़ियां वहां पहुंचीं। रुकने का संकेत देने पर तीन वाहन नाकाबंदी तोड़कर फरार हो गए, जबकि पिकअप नंबर आरजे 18 जीसी 8719 ने सरकारी वाहन और निजी वाहनों को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा करने पर पिकअप एक दुकान से टकराकर रुक गई। चालक को मौके पर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुमित पुत्र मनीराम, जाति कुमावत, उम्र 28 वर्ष, निवासी छावसरी, तहसील उदयपुरवाटी, जिला झुंझुनू बताया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण संख्या 62/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 121(1), 132 तथा 3 पीडीपीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
क्षतिग्रस्त वाहनों का निरीक्षण और यांत्रिक परीक्षण करवाया गया। अनुसंधान के बाद आरोपी को झुंझुनू से दस्तयाब कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी को 28 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कार्रवाई में कैलाश चन्द्र, किशन सिंह, रणजीत (आरटी 1627) और चालक भूपेन्द्र (कांस्टेबल 1079) शामिल रहे। पुलिस टीम की तत्परता से आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया गया।




