चिड़ावा, 21 सितंबर: चिड़ावा में आज सोमवार, 22 सितंबर से नवरात्रि एवं दशहरा महोत्सव मेले की शुरुआत हो जायेगी। बावलिया बाबा पण्डित जी की शिवनगरी एक बार फिर भक्ति, संस्कृति और उल्लास के रंगों में रंगने को तैयार है। पुरानी बस्ती स्थित श्री देवी जी मन्दिर में आयोजित होने वाले इस महोत्सव के लिए मन्दिर कमेटी द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई है।
देवी जी मन्दिर पुजारी महेन्द्र चौमाल ने बताया कि यह महोत्सव चिड़ावा नगरवासियों के लिए आध्यात्मिक चेतना व प्राचीन परंपराओं के जीवन्त प्रदर्शन और सामुदायिक सौहार्द का एक अनूठा संगम होगा, जो हर आयु वर्ग के लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेगा। सोमवार 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक, श्री देवी जी मन्दिर, टीबड़ा गेस्ट हाउस के पास आयोजित होने वाले 11 दिवसीय “नवरात्री एवं दशहरा महोत्सव मेला 2025” के दौरान यहां आने वाले लोगों के लिए सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों, संगीत, नृत्य के साथ पारंपरिक मेले की सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
सोमवार सुबह से ही प्रारंभ होंगे धार्मिक कार्यक्रम
देवी मंदिर महन्त महेन्द्र चौमाल ने बताया कि सोमवार को 7 बजे प्रातः कालीन आरती हुई जिसके बाद प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक हवन प्रारंभ हुआ है, सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक रामायण पाठ, सांय 7:00 बजे संध्याकालीन आरती के बाद 7:30 बजे मेले का उद्घाटन किया जाएगा। रात्री 8:00 बजे से आयोजित भजन संध्या में अभिषेक मिश्रा द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
भगवाना जोहड़ महन्त व चिड़ावा पालिकाध्यक्ष करेंगे मेले का उद्घाटन
महन्त महेन्द्र चौमाल ने बताया कि मेले का उद्घाटन भगवाना जोहड़ महन्त श्री रामदास जी महाराज एवं चिड़ावा नगरपालिका अध्यक्ष सुमित्रा सैनी द्वारा किया जाएगा।
दैनिक कार्यक्रम: प्रतिदिन सायं 7 बजे आरती का आयोजन होगा। दोपहर 3.15 से 5.15 बजे तक गरबा व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जबकि सायं 7 बजे से रात्रि 10.00 बजे तक रंगारंग संध्या सजेगी।





