चिड़ावा: गुरुवार को अग्रवाल जन कल्याण समिति के नए अध्यक्ष के चुनाव को लेकर अग्रसेन धाम में विशेष बैठक आयोजित की गई। निर्धारित प्रक्रिया के तहत चुनाव संपन्न कराया गया। पूरी प्रक्रिया के उपरांत सर्वसम्मति के आधार पर व्यवसायी व समाजसेवी रमेश गाडिया को समिति का नया अध्यक्ष घोषित किया गया।
चुनाव अधिकारी के रूप में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के उपाध्यक्ष सुनील मंड्रेलिया ने परिणाम की औपचारिक घोषणा की। घोषणा होते ही उपस्थित समाजजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ नए अध्यक्ष का स्वागत किया।
अध्यक्ष पद संभालते ही रमेश गाडिया ने समाज के रुके हुए विकास कार्यों को गति देने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने घोषणा की कि गाडिया परिवार द्वारा समाज भवन में समस्त ग्रेनाइट का कार्य कराया जाएगा। साथ ही, लंबे समय से अपूर्ण पड़े भवन निर्माण को शीघ्र पूर्ण करवाने की भी बात कही।
उनके इस निर्णय को समाज के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वर्षों से लंबित कार्यों के पूर्ण होने से अग्रवाल समाज के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बेहतर आधार मिलने की संभावना है।

रमेश गाडिया के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर समाज में उत्साह का वातावरण देखा गया। इस अवसर पर प्रोफेसर के.एम. मोदी, अखिल भारत हिंदू महासभा के जिला उपाध्यक्ष प्रणीत गुप्ता (विपुल), राकेश बाछुका, इन्द्र सूरजगढिया, प्रेम बाछुका, सत्यनारायण चौधरी, अनील रामभरोसे, अमित गोयल, अमित सूरजगढिया, राकेश सर्राफ और आशीष गोयल सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
सभी ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में अग्रवाल जन कल्याण समिति चिड़ावा नए आयाम स्थापित करेगी।





