चिड़ावा: पंचायत समिति चिड़ावा प्रशासन ने क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों को अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक सूचनाएं भेजने के निर्देश जारी किए हैं। विकास अधिकारी द्वारा जारी आदेश में ग्राम पंचायतों के सचिवों व ग्राम विकास अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है।
जारी पत्र के अनुसार जिला परिषद झुंझुनू के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में यह आदेश जारी हुआ है। इसमें बताया गया है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत अपने क्षेत्र में चारागाह भूमि, तालाबों, नाली मार्गों, खेल मैदानों व अन्य सरकारी भूमियों पर किए गए अवैध कब्जों का विवरण उपलब्ध कराए।
विकास अधिकारी अनिषा बिजारणिया ने स्पष्ट किया कि पंचायत क्षेत्र की सभी सरकारी संपत्तियों का विवरण सूचीबद्ध किया जाए तथा जहां-जहां अवैध अतिक्रमण है, उसकी सूचना निर्धारित समय में कार्यालय को भेजी जाए, ताकि आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इसके साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि रिपोर्ट तैयार करते समय जमीन संबंधी तथ्य, कब्जे की स्थिति, संबंधित व्यक्तियों का विवरण, तथा उपलब्ध दस्तावेजों का संलग्न करना आवश्यक रहेगा। रिपोर्ट समय पर नहीं भेजने पर संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही भी की जा सकती है।
इस आदेश की प्रति सभी पंचायतों को भेज दी गई है और शीघ्र ही क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ मुहिम की कार्यवाही प्रारंभ होने की संभावना जताई जा रही है।





