Tuesday, March 31, 2026
Homeचिड़ावाचिड़ावा उप जिला अस्पताल बना अखाड़ा: कर्मचारियों के बीच चले लात-घूंसे, मार-पीट...

चिड़ावा उप जिला अस्पताल बना अखाड़ा: कर्मचारियों के बीच चले लात-घूंसे, मार-पीट में दिव्यांग नर्सिंग ऑफिसर महेश गजराज की हड्डियां टूटी, राजेंद्र ढाका को किया एपीओ

चिड़ावा, 29 सितंबर: चिड़ावा में उप जिला अस्पताल में कर्मचारियों के बीच जम कर लात घूंसे चले। मार-पीट में उप जिला अस्पताल के दिव्यांग नर्सिंग ऑफिसर के हाथ की 2 हड्डियां टूट गई। मामले में बीसीएमओ कार्यालय के स्टोर इंचार्ज के खिलाफ चिड़ावा थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। साथ ही सीएमएचओ ऑफिस को भी उप जिला अस्पताल के कर्मचारियों व पीएमओ ने शिकायत प्रेषित की है। बीसीएमओ डॉ. तेजपाल कटेवा के खिलाफ भी महिला कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए सीएमएचओ को शिकायत दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उप जिला अस्पताल की टूटी कुर्सियों की रिपेयरिंग करवाने की बात को लेकर हुई मामूली कहासुनी कुछ ही देर में इस कदर बिगड़ गई कि हालात काबू के बाहर हो गए। बताया जा रहा है कि उप जिला अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसर महेश गजराज मिस्त्री को साथ लेकर अस्पताल भवन में ही संचालित हो रहे बीसीएमओ कार्यालय गए थे। टूटी कुर्सियों को ठीक करवाने के लिए वहां मौजूद स्टोर इंचार्ज राजेन्द्र ढाका से उनकी बहस हो गई, जिसके बाद हाथापाई में महेश गजराज के हाथ व कंधे की हड्डी फ्रैक्चर हो गई।

उप जिला अस्पताल के कर्मचारियों का आरोप है कि घटना के बाद जब नर्सिंग ऑफिसर महेश गजराज को एक्स-रे व ड्रेसिंग के लिए ले जाया गया, तब बीसीएमओ डॉ तेजपाल कटेवा भी वहां पहुंच गए और उन्होंने भी अभद्र व्यवहार किया। उप जिला अस्पताल की महिला नर्सिंग कर्मचारियों का कहना है कि बीसीएमओ डॉ तेजपाल कटेवा ने उन्हें भी अपशब्द कहे।

मामले को लेकर उप जिला अस्पताल के नर्सिंग कर्मचारियों ने बीसीएमओ कार्यालय के स्टोर इंचार्ज राजेन्द्र ढाका व बीसीएमओ डॉ तेजपाल कटेवा के खिलाफ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) झुंझुनूं को शिकायत प्रेषित की गई है। नर्सिंग ऑफिसर महेश गजराज अन्य कर्मचारियों के साथ स्टोर इंचार्ज राजेन्द्र ढाका के खिलाफ चिड़ावा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाने पहुंचे। उप जिला अस्पताल पीएमओ डॉ नितेश जांगिड़ ने भी राजेन्द्र ढाका व बीसीएमओ डॉ तेजपाल कटेवा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए सीएमएचओ को शिकायत प्रेषित की है।

उधर बीसीएमओ कार्यालय के स्टोर इंचार्ज राजेन्द्र ढाका ने बताया कि उप जिला अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसर महेश गजराज एक मिस्त्री को साथ लेकर स्टोर में आए थे और आते ही कुर्सी के लिए गुस्से में मुझे थप्पड़ मार दिया, धक्का-मुक्की में महेश गजराज कुर्सी पर गिर गये। ढाका ने बताया कि उन्होंने कोई मार-पीट नहीं की।

मामले की सूचना पर राजेंद्र ढाका को सीएमएचओ ऑफिस झुंझुनूं के लिए एपीओ कर दिया गया है तथा प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ डॉ छोटेलाल गुर्जर ने तत्काल प्रभाव से डिप्टी सीएमएचओ डॉ अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में जांच कमेटी का गठन किया है।

बहरहाल उप जिला अस्पताल और बीसीएमओ कार्यालय के कर्मचारियों के बीच हुई मार-पीट की इस घटना को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। यह भी पता चला है कि मामले में समझौते के प्रयास भी अलग-अलग स्तर पर शुरू हो गये हैं।

- Advertisement -
समाचार झुन्झुनू 24 के व्हाट्सअप चैनल से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करें
- Advertisemen's -

Advertisement's

spot_img
Slide
previous arrow
next arrow
Shadow
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -

Recent Comments

error: Content is protected !!