खेतड़ी: थाना क्षेत्र में खेत में ट्रैक्टर चला रहे युवक पर लाठियों और सरियों से कातिलाना हमला करने के आरोप में फरार चल रहे दो युवकों योगेश उर्फ योगी और संदीप को पुलिस ने पकड़ लिया। स्कूल विवाद के बदले की आग में हमलावरों ने घायल को सिर, आंख और पैरों पर गंभीर चोटें दी थीं। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया है।
रंवा गांव निवासी विजेंद्र कुमार ने रिपोर्ट में बताया कि उसका बड़ा भाई राजेश कुमार 09 अक्टूबर की शाम लगभग 6:30 बजे खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। उसी दौरान गांव के रतन सिंह, जाति गुर्जर, अपने तीन साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर खेत में घुस आया और हाथों में लाठी व लोहे के सरिए लेकर हमला कर दिया। आरोपियों ने राजेश कुमार के सिर, बाएं हाथ, दोनों पैरों और आंख के ऊपर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित ने परिजनों को बताया कि रतन सिंह ने सिर और आंख पर लोहे के सरिए से वार किया, जबकि उसके साथ आए युवकों ने लगातार लाठियों से हमला किया। हमलावरों ने धमकी दी कि स्कूल के मामले में विरोध करने का बदला लिया है। घायल को तुरंत सिंघाना के राज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत तथा पुलिस उप अधीक्षक जुल्फीकार अली के सुपरविजन में, थाना प्रभारी कैलाशचंद के नेतृत्व में टीम बनाई गई। गहन खोजबीन के बाद पीड़ित पर हमला करने में शामिल आरोपी योगेश उर्फ योगी और संदीप को गिरफ्तार किया गया।
खेतड़ी पुलिस के मोहनलाल, विनोद कुमार, मनीष, महिपाल और अनिल की टीम ने इस सफलता को अंजाम दिया।
पकड़े गए दोनों आरोपी रवां गांव निवासी हैं। संदीप की उम्र लगभग 19 साल है जबकि योगेश उर्फ योगी की उम्र 18 वर्ष 9 माह बताई गई है। दोनों घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
पुलिस का कहना है कि यह मामला बेहद गंभीर श्रेणी का है और मुख्य आरोपी रतन सिंह सहित बाकी फरार हमलावरों की तलाश जारी है। जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर न्याय हेतु प्रस्तुत किया जाएगा।




