चिड़ावा: तहसील के क्यामसर गांव में लोक देवता तेजाजी महाराज का राजस्थान के सबसे ऊंचे शिखरों में शामिल 165 फीट विशाल गुम्बद वाला भव्य मंदिर बनने जा रहा है। राष्ट्रीय जाट महासंघ के नेतृत्व में इस धार्मिक परियोजना की शुरुआत सूरजगढ़ बाईपास से की गई, जिसने समाज में उत्साह और धार्मिक पर्यटन की नई उम्मीद जगाई है।
क्यामसर में पांच बीघा भूमि पर प्रस्तावित इस भव्य तेजाजी महाराज मंदिर के शिखर की ऊंचाई 165 फीट होगी, जो तेजाजी मंदिरों में एक ऐतिहासिक निर्माण के रूप में दर्ज होगी। राष्ट्रीय जाट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र क्यामसरिया ने बताया कि यह प्रोजेक्ट समाज में एकता को मजबूत करेगा और क्यामसर को धार्मिक मानचित्र पर विशेष स्थान दिलाएगा।
सूरजगढ़ बाईपास तिराहा स्थित भूकर फार्म हाउस में आयोजित कार्यक्रम में युवा नेता सुरेश भूकर के नेतृत्व में मंदिर का पोस्टर जारी किया गया। इस मौके पर समाज में आस्था और संगठन की शक्ति का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय जाट महासंघ और कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वीरेंद्र क्यामसरिया के साथ कंवरपाल बलवदा, विक्रम लांबा और संदीप मान ने मंदिर निर्माण को समाज की आस्था और विरासत का प्रतीक बताया। वहीं शिक्षाविद रामसिंह नेहरा, उत्तर क्षेत्र से जुड़े युवा विकास पायल, कुलदीप मान, कैप्टन सुरेंद्र महला, हरीश फोगाट और कई अन्य समाजसेवियों ने कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगी। कार्यक्रम में उपस्थित उत्साहित लोगों ने एकजुट होकर मंदिर निर्माण में पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।




