पिलानी: नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी के 67वें बैंड दल का बिरला स्कूल, पिलानी परिसर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर बैंड दल की 51 छात्राओं और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि को सराहा गया। यह समारोह न केवल विद्यालय बल्कि पूरे पिलानी क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बना।
नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड 2026 के दौरान कर्तव्य पथ जैसे प्रतिष्ठित मंच पर बिरला बालिका विद्यापीठ के बैंड दल की प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। छात्राओं ने अनुशासन, तालमेल और संगीत कौशल का ऐसा समन्वय प्रस्तुत किया, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान की सशक्त पहचान बनाई। इस प्रदर्शन से न केवल विद्यालय बल्कि झुंझुनूं जिले और पिलानी क्षेत्र की प्रतिष्ठा भी बढ़ी।
सम्मान समारोह में बी.ई.टी. के निदेशक मेजर जनरल एस. एस. नायर (ए.वी.एस.एम.) ने बैंड दल की सराहना करते हुए कहा कि कर्तव्य पथ पर प्रस्तुति छात्राओं की निरंतर मेहनत, समर्पण और कठोर अभ्यास का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय मंच विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभाव को मजबूत करते हैं। इस दौरान कैप्टन सविता शर्मा, सूबेदार मेजर राजकुमार और सूबेदार सुधीर गौतम को भी उनके कुशल प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में घनश्याम सिंह गौड़, अजय कुमार, काजल मारवाह, धीरेंद्र सिंह, पवन वशिष्ठ, शोभा वर्मा, अशोक तोला, डॉ. मनोज जांगिड़, कपिल शर्मा, चंद्रशेखर राठौड़, जी. एस. गिल, आर. पी. डाडा, जगदीश सोनी, कर्नल अवतार सिंह, ओमप्रकाश शर्मा, अंजू डोगरा, उपासना शर्मा और रेनू दुबे सहित पिलानी नगर के अनेक शिक्षाविद्, प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने बैंड दल की उपलब्धि को प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्राचार्या अचला वर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की समग्र शिक्षा, अनुशासन और छात्राओं की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी छात्राएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर विद्यालय का नाम रोशन करेंगी।





