नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में मंदिरों के पुजारियों और गुरुद्वारों में ग्रंथियों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना की घोषणा की है। इस योजना का नाम “PUJARI Granthi Samman Yojna” रखा गया है, जिसके तहत दिल्ली के सभी मंदिरों और गुरुद्वारों के पुजारियों और ग्रंथियों को हर महीने 18 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
केजरीवाल ने किया योजना का ऐलान
अरविंद केजरीवाल ने इस योजना की घोषणा करते हुए कहा कि, “पुजारी भगवान की पूजा कराता है, जिसने हमारी सदियों पुरानी परंपराओं और रीति-रिवाजों को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाया है। आज तक पुजारियों की तरफ सही से ध्यान नहीं दिया गया। इस योजना के तहत हम इसे वेतन या तनख्वाह नहीं बल्कि सम्मान राशि के रूप में दे रहे हैं, ताकि उनके योगदान को सही मायने में सम्मानित किया जा सके।”
उन्होंने आगे कहा, “यह देश में पहली बार हो रहा है। दिल्ली में जो काम हो रहा है, वह किसी अन्य राज्य में नहीं हुआ। हम विश्वास करते हैं कि बीजेपी और कांग्रेस सरकारें भी इस योजना से प्रेरित होकर अपने राज्यों में पुजारियों और ग्रंथियों के लिए ऐसी योजनाएं शुरू करेंगी।”
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और शुरूआत
केजरीवाल ने यह भी बताया कि इस योजना का रजिस्ट्रेशन 31 दिसंबर से शुरू हो जाएगा। वह हनुमान मंदिर, कनॉट प्लेस में जाकर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की शुरुआत करेंगे। इसके बाद, दिल्ली के सभी मंदिरों और गुरुद्वारों में आम आदमी पार्टी के विधायक और कार्यकर्ता पुजारियों और ग्रंथियों का रजिस्ट्रेशन करेंगे।
बीजेपी पर हमला
इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “मैं बीजेपी से हाथ जोड़कर विनती करता हूं कि वे इस योजना को रोकने की कोशिश न करें। उन्होंने महिला सम्मान योजना को रोकने के लिए पुलिस भेजी थी, लेकिन वह नहीं रोक पाए। इसके बाद, उन्होंने संजीवनी योजना को भी रोकने की कोशिश की, लेकिन वह भी विफल रहे। अब, अगर वे पुजारियों और ग्रंथियों की इस सम्मान योजना को रोकने की कोशिश करेंगे, तो उन्हें और ज्यादा पाप लगेगा।”
केजरीवाल ने आगे कहा, “अगर बीजेपी ने पुजारियों और ग्रंथियों को परेशान किया, तो उनके पास पुलिस भेजी, तो इसका नकारात्मक असर पड़ेगा। पुजारियों और ग्रंथियों को हर हाल में सम्मान राशि दी जाएगी। हम सुनिश्चित करेंगे कि उनकी जिंदगी में पैसों की कमी नहीं हो।”





