चिड़ावा: चिड़ावा-झुंझुनूं मार्ग पर ओजटू बाईपास के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बहादुरगढ़ से खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार और सामने से आ रहे एक ऑटो रिक्शा की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए, जिनमें ऑटो चालक और कार में सवार चार लोग शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस चालक राहुल मीणा मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तुरंत चिड़ावा के उप जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में ऑटो चालक विजेंद्र (ब्राह्मणों की ढाणी), कार सवार रजनी, मीना, विकास और टीना (सभी निवासी बहादुरगढ़ व दिल्ली) शामिल हैं। डॉक्टर निर्मला चौधरी और उनकी टीम द्वारा घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
दुर्घटना के समय कार में दो बच्चे भी सवार थे — मितांश (13 वर्ष) और शिवांश (3 महीने) टक्कर के बावजूद दोनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित बचे, जिससे परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली
घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा थाने से पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। हेड कांस्टेबल सवाई ने टीम के साथ मौके का मुआयना कर घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू करवाया।
