पिलानी, 24 सितंबर: झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ क्षेत्र के गांव जीणी में बुधवार को एक घर में गैस सिलेंडर लीक होने के कारण आग लग गई। हादसे में सविता (उम्र 42 वर्ष), पत्नी राजेन्द्र भड़िया झुलस गईं। उन्हें तुरंत उपचार के लिए पिलानी के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया है।
बताया जा रहा है कि आज ही परिवार ने नए मकान में गृह प्रवेश किया था। इस अवसर पर घर में परिवार के सदस्यों के अलावा कई रिश्तेदार भी मौजूद थे। सिलेंडर लीक होते ही आग तेजी से फैल गई, जिससे घर के घरेलू सामान को काफी नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
विद्या विहार नगरपालिका की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पाया। साथ ही सूरजगढ़ थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्राम सरपंच अमीलाल भड़िया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सिलेंडर लीक होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






