सिंघाना: क्षेत्र में मकर संक्रांति उत्सव खेलों की रोमांचक ऊर्जा में बदल गया, जब घरड़ाना मदर्स एजुकेशन हब जयपुर की पहल पर गांव खुर्द में एक दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। फुटबॉल मैदान से लेकर दौड़ ट्रैक तक युवाओं ने दमखम दिखाया, जहां गरजते नारों और तालियों के बीच बाकोटी टीम ने ट्रॉफी अपने नाम की और खेल भावना ने लोगों का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता की शुरुआत हांसलवास खुर्द और मोई भारु के बीच रोमांचक फुटबॉल मुकाबले से हुई। शुरुआती मिनटों से ही तेज खेल के साथ दोनों टीमों ने जीत की कोशिश की, लेकिन निर्णायक गोल करते हुए हांसलवास खुर्द ने पहली जीत दर्ज की और फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मैच में हांसलवास खुर्द और बाकोटी आमने-सामने आए। दर्शकों से घिरे मैदान में रोमांच चरम पर रहा। लगातार पासिंग और गोल करने की कोशिशों ने माहौल गर्म रखा। अंत में शानदार खेल दिखाते हुए बाकोटी विजेता बनी और 21,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। हांसलवास खुर्द दूसरे स्थान पर रही जिसे 11,000 रुपये दिए गए।
दौड़ मुकाबलों में विभिन्न गांवों के प्रतिभाशाली युवाओं ने दमखम दिखाया। 100 मीटर स्प्रिंट में बाकोटी के मोहन सिंह ने रफ्तार कायम रखते हुए प्रथम स्थान लिया, जबकि हांसास के अरमान करीब पहुंचकर दूसरे स्थान पर रहे। 400 मीटर दौड़ में फिर मोहन सिंह की बढ़त कायम रही और तातीजा के सचिन दूसरे स्थान पर रहे। 1600 मीटर लंबी दौड़ में रोजड़ा के विनोद कुमार ने शानदार पेस के साथ जीत दर्ज की, जबकि तातीजा के अनिल कुमार ने दूसरा स्थान हासिल किया। अद्वितीय बुद्ध दौड़ में मोई के रणधीर सिंह ने पहले स्थान पर कब्जा किया और घरड़ाना खुर्द के नेकीराम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया।

खेल मैदान में उमड़ी भीड़ ने आयोजन को यादगार बनाया। आयोजक मंच पर मदर्स एजुकेशन हब जयपुर के डायरेक्टर सुरेश राव, शारीरिक शिक्षक ओमप्रकाश जांगिड़, माहसिंह राव, विकास राव और सूर्यप्रकाश राव मौजूद रहे। इसी के साथ डॉ. सुनील राव, सरपंच उमेद राव, शिक्षा से जुड़े विजयपाल सिंह राव और पूर्व सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। युवा कांग्रेस जिला सचिव सरजीत राव ने खेल भावना और अनुशासन को युवा शक्ति की पहचान बताते हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।
आयोजन टीम ने बताया कि मकर संक्रांति पर इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करती हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में नई प्रतिभाओं को पहचानने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करती हैं।





