पचेरी कलां: थाना क्षेत्र में एक पेंचर व सर्विस स्टेशन पर हुए मारपीट, अपहरण, तोड़फोड़ और आगजनी के गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 03 महिलाओं सहित कुल 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 14 अक्टूबर 2025 की है, जिसने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक राय होकर जानलेवा हमला किया, महिला का अपहरण किया और दुकान में आग लगा दी।
पुलिस के अनुसार, परिवादी सुंदर, जो गांव सोहली का निवासी है, अपनी पंचर और सर्विस स्टेशन की दुकान पर काम कर रहा था। उसी दौरान उसकी मां संतोष देवी, नीतू देवी और भाई की पत्नी मंजू देवी, भाई सुमेर सिंह के साथ दुकान पर मौजूद थीं। तभी गांव सोहली के कुछ लोगों ने एक राय होकर दुकान पर धावा बोल दिया।
आरोप है कि टिंकू, मोनू, धर्मेन्द्र, आशीष और धन्ना सहित अन्य लोगों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया, दुकान में तोड़फोड़ की और शटर बंद कर जान बचाने की कोशिश कर रहे परिवार पर दोबारा हमला किया गया। इस दौरान बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना के दौरान नीतू देवी को बेरहमी से पीटते हुए दुकान से उठाकर ले जाया गया। जाते समय आरोपियों ने दुकान में आग लगा दी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर पचेरी कलां थाना पुलिस ने अपहरण, मारपीट, आगजनी और तोड़फोड़ की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा जुर्म स्वीकार करने पर कृष्णा देवी, मुकेश देवी उर्फ निशा, सुमन, सुरता राम, विजयपाल, धर्मेन्द्र, सतीश उर्फ टिंकु, राजेन्द्र और अनिल उर्फ धन्ना को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी सोहली गांव के निवासी हैं और मामले में आगे की जांच जारी है।





