नवलगढ़: क्षेत्र में डंपिंग यार्ड के पास दो दिन की नवजात बच्ची का शव पाया गया। पुलिस को शव के गले से चुनरी का एक टुकड़ा मिला है, जिससे गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। यह घटना बुधवार दोपहर लगभग तीन बजे सामने आई, जब मोरारका कॉलेज के पीछे स्थित डंपिंग यार्ड में कचरा फेंकने गई नगर पालिका की टीम ने शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नवलगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया।
पोस्टमार्टम ऑफिसर ने बताया कि नवजात बच्ची की हत्या गला घोंटने से हुई लगती है। बच्ची पूरी तरह से 9 महीने की थी और महिला ने घर पर ही प्रसव कराया था। फिलहाल, जांच की प्रक्रिया जारी है तथा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मामला पूरी तरह साफ होगा। पुलिस के अनुसार शव लगभग 1 से 3 दिन पुराना हो सकता है।
नवलगढ़ थाना अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं ताकि पता चल सके कि नवजात बच्ची को किसने और कब डंपिंग यार्ड में फेंका। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




