चिड़ावा: क्षेत्र में कुम्भाराम लिफ्ट परियोजना से जुड़े 100 डीआई पाइपों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी किए गए पाइप खरीदने वाले चौथे आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। अब तक इस मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और 84 पाइप बरामद किए जा चुके हैं, जबकि शेष पाइपों की तलाश और अन्य संलिप्त आरोपियों को लेकर पुलिस का अनुसंधान जारी है।
भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी के सुपरवाइजर विशाल चौधरी ने 19 दिसंबर 2025 को पुलिस थाना चिड़ावा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी एलएटी कंपनी के माध्यम से कुम्भाराम लिफ्ट योजना के तहत 100 एमएम डीआई पाइप लाइन बिछाने का कार्य कर रही थी।
18 दिसंबर 2025 को कंपनी के स्टोर से कुल 130 पाइप साइट पर उतारे गए थे, जिनमें से 30 पाइप पिचानवा गांव में उतारे गए और शेष 100 पाइप पिचानवा से लगभग 500 मीटर दूर किढवाना की ओर एक खाली खेत में रखे गए थे।
19 दिसंबर की सुबह जब श्रमिक कार्यस्थल पर पहुंचे, तो वहां रखे गए सभी 100 पाइप गायब मिले। चोरी गए पाइपों की अनुमानित कीमत 10 से 12 लाख रुपये बताई गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एमओबी टीम से घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वृत्ताधिकारी चिड़ावा के सुपरविजन में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए लगभग 250 किलोमीटर क्षेत्र का रूट चार्ट तैयार किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहनों की पहचान की।
जांच के दौरान 23 दिसंबर 2025 को संदिग्धों को डिटेन कर पूछताछ की गई। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर सुलतान, जाबिद और शौकिन उर्फ सोहिल को गिरफ्तार किया गया।
इन आरोपियों की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त एक कार i10 और एक ट्रक टाटा 1916 को जब्त किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 29 दिसंबर 2025 तक पुलिस कस्टडी रिमांड पर भेजा गया।
अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी किए गए पाइपों को दिल्ली में बेचा गया था। इसके बाद चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी लवली आनंद को दिल्ली से दस्तयाब कर 27 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 29 दिसंबर 2025 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी हुए 100 पाइपों में से 84 डीआई पाइप बरामद कर लिए गए हैं। शेष 16 पाइपों और अन्य संभावित आरोपियों को लेकर पुलिस द्वारा गहन अनुसंधान जारी है। पुलिस ने मामले में एक कार i10, एक ट्रक टाटा 1916 और 84 डीआई पाइप जब्त किए हैं।
कार्रवाई में पुलिस थाना चिड़ावा, पुलिस थाना सुलताना, डीएसटी और साइबर सेल की संयुक्त टीमों की अहम भूमिका रही। साइबर सेल झुंझुनूं के हेड कांस्टेबल जितेंद्र थाकन और थाना चिड़ावा से कांस्टेबल अमित सिहाग का विशेष योगदान रहा।





