उदयपुरवाटी: पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता मिली है। AGTF और झुंझुनूं पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कंटेनर में छिपाकर लाया जा रहा 500 किलो से अधिक अवैध गांजा पकड़ा है। इस कार्रवाई से राजस्थान के भीतर सक्रिय ड्रग नेटवर्क को लेकर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।
झुंझुनूं के उदयपुरवाटी क्षेत्र में पुलिस और AGTF की टीम ने एक बड़े ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। कार्रवाई मंगलवार रात बागोरा तिवाड़ी की ढाणी के पास की गई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर कंटेनर को रोक लिया।
पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कंटेनर में 500 किलो से अधिक अवैध गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। टीम ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार यह ड्रग खेप उदयपुरवाटी के गुप्त रूट से गुड़ागौड़जी होते हुए हनुमानगढ़ पहुंचाई जाने वाली थी। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में महंगी गाड़ियों और शौकिया लाइफस्टाइल वाले कई युवक इस स्मगलिंग नेटवर्क में शामिल हैं।
कंटेनर में गुप्त चैंबर बनाकर गांजा छिपाया गया था। तस्करों के मोबाइल और दस्तावेज भी पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। एक फरार फरार आरोपी की पहचान हो चुकी है, जिसकी तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।
इसी साल 2 अक्टूबर को भी ओडिशा से आ रहे कंटेनर से पुलिस ने उदयपुरवाटी क्षेत्र में 1014 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया था। लगातार बड़े स्तर पर ड्रग्स की खेप पकड़े जाने के बावजूद मुख्य सप्लायर अब तक पुलिस की पहुंच से दूर हैं, जिस कारण क्षेत्र में पुलिस की रणनीति पर सवाल उठ रहे हैं।
क्षेत्र में एक बार फिर भारी मात्रा में गांजा पकड़ा जाना इस बात का संकेत है कि ड्रग माफिया लगातार सक्रिय है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि मुख्य सरगनाओं को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि युवाओं को इस खतरे से बचाया जा सके।




