चिड़ावा: झुंझुनूं जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वृताधिकारी विकास धींधवाल के मार्गदर्शन में थाना चिड़ावा क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही थी।
इसी अभियान के तहत 20 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि चौधरी कॉलोनी में एक संदिग्ध व्यक्ति काले रंग की थैली के साथ खड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आशाराम गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा।
पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर सकपका गया। पूछताछ में उसने अपना नाम गौरीशंकर उर्फ गौरिया पुत्र रामेश्वरलाल, उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 14, चौधरी कॉलोनी, चिड़ावा बताया।
उसके हाथ में पकड़ी काली पॉलीथीन की तलाशी लेने पर उसमें 290 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी से गांजा रखने संबंधी लाइसेंस या परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपी गौरीशंकर उर्फ गौरिया क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पूर्व में 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह लंबे समय से अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहा है। चिड़ावा पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी आशाराम के साथ अमित सिहाग, अमित, विकास कुमार, अमित डाटिका और विकास डारा शामिल रहे। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और सूचना तंत्र की सक्रियता के चलते यह सफलता मिली।





