झुंझुनूं: जिले में अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रही पुलिस ने दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयाँ की हैं। पचेरी कलां थाना क्षेत्र में अवैध शराब बेचते हुए आरोपी अनूज यादव को गिरफ्तार किया गया, वहीं मंडावा थाना क्षेत्र में पुलिस पर पथराव और सरकारी वाहन तोड़फोड़ करने वाले मुख्य आरोपी मां-बेटे को भी दबोच लिया गया। इन कार्रवाइयों से स्थानीय लोगों में सुरक्षा का विश्वास और अपराधियों में खौफ देखने को मिला है।
अवैध शराब बेचते युवक की गिरफ्तारी
गठित टीम ने सोहली निवासी 22 वर्षीय अनुज यादव को गिरफ्तार किया। आरोपी गांव कलोठड़ा-घसेड़ा रोड किनारे राहगीरों को अलग-अलग ब्रांड की शराब बेच रहा था। पुलिस टीम ने मौके से 15 पव्वे हिर-रांझा देशी शराब, 2 बोतल रॉयल स्टैग, 2 बोतल मैकडॉवेल्स नं.1, 3 अद्धा रॉयल स्टैग और 2 अद्धा मैकडॉवेल्स नं.1 सहित नकद 420 रुपये बरामद किए। आरोपी के पास कोई लाइसेंस या अनुमति पत्र नहीं मिला।
मंडावा में पुलिस पर पथराव करने वाले गिरफ्तार
20 अगस्त 2025 को लाडसर गांव में शराब ठेके के विवाद के दौरान मंडावा थाना पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव और तोड़फोड़ की थी। घटना में थानाधिकारी रामनिवास उप निरीक्षक सहित पुलिसकर्मी घायल हुए और सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। इस मामले में पहले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब मुख्य आरोपिया राजबाला और उसके बेटे राहुल को भी 3 सितंबर 2025 को पुलिस ने पकड़ लिया है।
झुंझुनूं पुलिस ने लगातार दबिश देकर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। इन कार्रवाइयों की सुपरविजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत और वृताधिकारी स्तर के अधिकारियों ने की।







