मेरठ, उत्तर प्रदेश: सुहैल गार्डन में गुरुवार को ठंडक और सर्द हवाओं के बीच दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक पत्थर कारीगर, उसकी पत्नी और तीन मासूम बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने पत्थर काटने की मशीन का इस्तेमाल कर उनकी गर्दनें काट दीं।
बेरहमी से की गई हत्या, शवों को छिपाया
35 वर्षीय मोइन, जो कि टाइल और पत्थर लगाने का काम करता था, अपनी पत्नी आसमा (32) और तीन बेटियों अक्सा (9), अजीजा (2), और अलीना (1) के साथ किराए के मकान में रहता था। हत्यारों ने पहले मोइन की गर्दन काटकर शव को गठरी में बांधकर कमरे के बाहर फेंक दिया, जबकि उसकी पत्नी और बेटियों के शवों को बेड के बॉक्स में डाल दिया। मकान का मुख्य गेट बाहर से बंद करके आरोपी फरार हो गए।

भाई की आशंका पर खुला हत्याकांड
मोइन के भाई अमजद ने बताया कि कई दिनों से मकान के गेट पर ताला लगा देखकर उन्हें शक हुआ। गुरुवार को अमजद की पत्नी नजराना ने घर का दरवाजा खटखटाया और कॉल करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में, अमजद और परिवार के अन्य लोग पहुंचे और दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य भयावह था—चारों ओर खून फैला था।
पत्थर काटने की मशीन बनी हत्या का हथियार
पुलिस को घटनास्थल से खून से सनी पत्थर काटने की मशीन मिली, जिसका इस्तेमाल हत्या में किया गया था। मोइन का शव बरामदे में पड़ा मिला, जबकि बाकी परिवार के शव बेड के अंदर छिपाए गए थे। दीवारों और फर्श पर खून के छींटे थे।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही
सूचना मिलते ही लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर सुभाष गौतम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीजी डीके ठाकुर, डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसएसपी डॉ. विपिन ताडा और एसपी सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। परिजनों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है।





