पिलानी: बनगोठड़ी स्थित शहीद कैप्टेन जगदेव सिंह पूनिया के 54वें बलिदान दिवस पर आयोजित दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ, जहां देशभक्ति और खेल भावना का अनोखा संगम देखने को मिला। पिलानी विधायक पितराम काला ने उद्घाटन करते हुए गांव के विकास के लिए इंटरलॉक सड़क निर्माण की घोषणा की। एथलेटिक्स इवेंट्स में युवाओं के जोश ने माहौल देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
बुधवार सुबह 11 बजे कार्यक्रम का उद्घाटन पितराम काला द्वारा किया गया। समारोह में बनगोठड़ी के ग्रामवासियों ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया। उद्घाटन सत्र में विशिष्ट अतिथि के रूप में सीरी पिलानी की वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक डॉ. सुमित्रा सिंह, आयुर्वेद हॉस्पिटल बनगोठड़ी की चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूनम राठी, नगरपालिका विद्या विहार पिलानी के चेयरमैन रोहिताश रणवा, 19 राजरीफ से कैप्टेन कान्हाराम और सूबेदार परमजीत शामिल हुए।
ग्राम में रणधीर सिंह पूनिया सहित सूरत सिंह, कर्नल जयपाल सिंह पूनिया, चंद्रभान बांगड़वा, कोच विजय धत्तरवाल, कैप्टेन पवन शेखावत, प्रकाश शर्मा, वीरेंद्र पूनिया, जोगेंद्र भालोठिया, राजीव सरपंच, सत्यवीर पूनिया, सूबेदार कपूर चंद और सूबेदार लक्ष्मण सिंह शेखावत की उपस्थिति रही।

राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य किरण बाला और राजेश ने छात्र-छात्राओं के साथ शहीद को नमन किया। शहीद के भाई महावीर पूनिया भी मंच पर उपस्थित रहे और 19 राजरीफ के सैनिकों ने सैन्य प्रोटोकॉल के साथ शहीद को श्रद्धांजलि दी।
विधायक पितराम काला ने कहा कि गांव द्वारा पांच दशकों से अधिक समय से खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन शहीद के सम्मान का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने शहीद स्मारक से स्कूल गेट तक इंटरलॉक सड़क बनवाने की घोषणा की, जिस पर ग्रामवासियों ने आभार जताया।
प्रतियोगिताओं में स्थानीय युवा खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन से दर्शकों का मन जीता। बुधवार दोपहर तक संपन्न इवेंट्स के परिणाम इस प्रकार रहे—
100 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग)
राहुल ने तेज रफ्तार दिखाते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि आर्यन दूसरे और मनीष तीसरे स्थान पर रहे।
100 मीटर दौड़ (महिला वर्ग)
सबीना ने शानदार जीत दर्ज की। प्रियांशु को दूसरा और पूजा को तीसरा स्थान मिला।
गोला फेंक (पुरुष वर्ग)
दिनेश ने पहली पोजिशन हासिल की। अंकित दूसरे और मंजीत तीसरे स्थान पर रहे।
गोला फेंक (महिला वर्ग)
आकांक्षा ने सर्वोच्च प्रदर्शन किया, आरती दूसरे और मोनू तीसरे स्थान पर रहीं।
तश्तरी फेंक (पुरुष वर्ग)
सचिन ने बाजी मारी, उनके बाद वीरेंद्र और तीसरे नंबर पर अंकित रहे।
तश्तरी फेंक (महिला वर्ग)
आकांक्षा ने स्वर्ण जैसा प्रदर्शन किया। भतेरी दूसरे और मोनू तीसरे स्थान पर रहीं।




