जयपुर, 17 दिसंबर झुन्झुनू से चिड़ावा-सिंघाना-पचेरी (हरियाणा बॉर्डर) तक 78.180 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण जल्द शुरू होगा। भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने इस परियोजना के लिए 2202.67 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस हाईवे से क्षेत्र और प्रदेश के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।
फोरलेन प्रोजेक्ट का विस्तार और संरचना
यह परियोजना झुन्झुनू बीड़, बगङ, खुड़ाना, सिंघाना और पचेरी कलां में बाईपास सड़कों और चिड़ावा में पिलानी सड़क से लाखू तिराहा एवं लाखू तिराहा से ओजटू तिराहा तक 4 लेन रिंग रोड के निर्माण को शामिल करती है। बाईपास सड़कों की कुल लंबाई 41.660 किमी और मौजूदा सड़क की लंबाई 36.520 किमी है, जिसे फोरलेन में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना में कुल 42 ब्रिज बनेंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों और औद्योगिक क्षेत्रों के बीच सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा। वर्तमान में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।
आर्थिक और ग्रामीण विकास में होगा योगदान
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बताया कि इस हाईवे के निर्माण से न केवल आवागमन में सुविधा होगी बल्कि औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों की कृषि उपज अब बड़े बाजारों तक आसानी से पहुंच सकेगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में मजबूत आधारभूत संरचना का निर्माण हो रहा है, जो राजस्थान के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
फोरलेन सड़क निर्माण की प्रमुख बातें
इस परियोजना से जुड़ी मुख्य विशेषताएं हैं: झुन्झुनू से चिड़ावा-सिंघाना-पचेरी तक 78.180 किमी सड़क का फोरलेनकरण, 42 ब्रिज निर्माण, बाईपास और रिंग रोड का निर्माण और ग्रामीण व औद्योगिक क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा।




