झुंझुनूं: जिले की पुलिस ने तीन अलग-अलग थानाक्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार और कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। सूरजगढ़ पुलिस ने 10 साल से फरार चल रहे धोखाधड़ी के आरोपी को पकड़ा, धनूरी पुलिस ने रेलवे नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले को गिरफ्तार किया, जबकि गोठड़ा पुलिस ने रोहित गोदारा गैंग से जुड़े हिस्ट्रीशीटर के साथी को जिन्दा कारतूसों सहित दबोचा है।
गोठड़ा पुलिस ने रोहित गोदारा गिरोह से जुड़े भरत सिंह को जिन्दा कारतूसों सहित किया गिरफ्तार
झुंझुनूं पुलिस द्वारा चलाए जा रहे संगठित अपराध विरोधी अभियान के तहत गोठड़ा थाना पुलिस ने भरत सिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। भरत सिंह, कुख्यात अपराधी जितेंद्र उर्फ जितु चिराना की गैंग का सक्रिय सदस्य बताया गया है, जो रोहित गोदारा गिरोह से भी जुड़ा है।
भरत सिंह के कब्जे से दो जिन्दा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई थानाधिकारी हेमराज के नेतृत्व में की गई, जिसमें कैलाश सिंह, दिनेश, मुकेश, राजीव, प्रवीण, जयप्रकाश और बुलेश शामिल रहे। आरोपी से अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और गैंग गतिविधियों के संबंध में गहन पूछताछ जारी है।
धनूरी पुलिस ने रेलवे नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले को किया गिरफ्तार
धनूरी थाना पुलिस ने रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर 15.20 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी विजयपाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथी देवीसिंह के साथ मिलकर दिनेश कुमार से यह रकम हड़प ली थी।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सीकर जिले के झाड़ेवा गांव से विजयपाल पुत्र गोपीचंद को पकड़ा। कार्रवाई थानाधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिसकर्मी चैनाराम और आनंद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सूरजगढ़ पुलिस ने 10 साल से फरार धोखाधड़ी आरोपी को पकड़ा
सूरजगढ़ थाना पुलिस ने 2015 से फरार चल रहे राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है, जो नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में वांछित था। आरोपी ने परिवादी सुरेंद्र सिंह से 4.24 लाख रुपये लेकर ठगी की थी।
टीम लगातार आरोपी के ठिकानों की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर राजेंद्र सिंह को उसके गांव जसरासर (थाना रतननगर, जिला चुरू) से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी टीम में थानाधिकारी धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में प्रदीप कुमार, महेंद्र सिंह, महेश कुमार और धर्मेंद्र कुमार शामिल रहे, जिनके प्रयासों से यह सफलता मिली।
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत एवं अन्य अधिकारियों के मार्गदर्शन में तीनों थानाक्षेत्रों में समन्वित कार्रवाई की गई। इन गिरफ्तारियों से झुंझुनूं जिले में अपराधियों पर पुलिस का दबदबा और सख्ती का संदेश गया है।







