सूरजगढ़: थाना क्षेत्र में शराब ठेका पर सेल्समैन के साथ मारपीट और लूट के मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले चार आरोपियों को पुलिस पकड़ चुकी है।
धोड़ कलां निवासी हरेन्द्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 अप्रैल की रात स्वामी सेही गांव के सरकारी शराब ठेका पर काम करते समय आधी रात को 10 से अधिक लोग हथियार लेकर पहुंचे। जयप्रकाश उर्फ जेपी, पवन, मोनू, राकेश गुर्जर, अनुज, प्रीतम, सुरेंद्र झाझड़िया और अन्य साथियों ने ठेके पर तोड़फोड़ की और उसे धमकाया कि अगर दुकान फिर खोली तो जान से खत्म कर देंगे।
हरेन्द्र ने बताया कि पहले भी इन लोगों ने उसके साथ मारपीट कर हाथ तोड़ दिया था और नगदी लूट ले गए थे। इस बार भी शटर तोड़ने के बाद सेल्समैन के साथ मारपीट कर नगदी छीन ली गई।
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में बनाई गई टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। जांच में जुटी टीम ने मुख्य आरोपी जयप्रकाश उर्फ जेपी सहित चार लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब आरोपी हरीश मेघवाल को भी पुलिस ने दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के दौरान आरोपी हरीश की संलिप्तता साबित होने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।





