बाड़मेर/सूरजगढ़: झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ उपखंड के काशनी गांव की रहने वाली आंगनबाड़ी सुपरवाइजर मुकेश कुमारी की बाड़मेर में उसके प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी। विवाह का दबाव बनाने पर आरोपी मानाराम ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर मौत के घाट उतार दिया। शव सोमवार सुबह रीको थाना इलाके के शिव नगर में एक अल्टो कार की ड्राइवर सीट से मिला।
खंडेला से गई थी प्रेमी के पास
पुलिस जांच में सामने आया कि 37 वर्षीय मुकेश कुमारी खंडेला से बाड़मेर 10 सितंबर को गई थी। वह पिछले 5 दिन से शहर स्थित आरोपी के घर पर रह रही थी। रविवार शाम को वह अपनी कार से आरोपी के गांव चवा पहुंची और उसके परिवार से मिलने की जिद करने लगी।
शादी की बात पर बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार 38 वर्षीय मानाराम ग्रेड थर्ड टीचर है और अपनी पत्नी टीकू से अलग रह रहा है। जब मुकेश कुमारी ने परिवार से मिलाने और शादी की बात पर जोर डाला तो दोनों में झगड़ा हुआ। इसी गुस्से में आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
वकील को फोन कर कबूला जुर्म
घटना के बाद सुबह करीब 6:45 बजे आरोपी ने अपने परिचित वकील को फोन कर बताया कि झगड़े में मुकेश कुमारी की मौत हो गई है और वह थाने जा रहा है। वकील ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को डिटेन कर लिया।
झुंझुनूं की बेटी और बाड़मेर के कातिल का रिश्ता
मुकेश कुमारी सूरजगढ़ के काशनी गांव निवासी लिछमाराम की पुत्री थी। करीब एक साल पहले अगस्त 2024 में अखबार में तलाकशुदा से शादी के विज्ञापन के माध्यम से उसकी मुलाकात मानाराम से हुई थी। सोशल मीडिया और फोन पर बातचीत बढ़ने के बाद दोनों करीब आ गए। कई बार वह बाड़मेर जाकर उससे मिल चुकी थी।
आरोपी की शादीशुदा जिंदगी भी रही है विवादों में
मानाराम की शादी 2008 में हुई थी और परिवार में 16 और 14 साल की दो बेटियां हैं। पत्नी से विवाद के कारण दोनों 2012 से अलग रह रहे थे। पत्नी का पीहर शिवकर गांव में है।
पुलिस जांच जारी, शव पोस्टमार्टम के बाद सुपुर्द होगा
डीएसपी और एएसपी की मौजूदगी में रीको थाना पुलिस ने मौके का जायजा लिया। एफएसएल और एमओबी की टीमें सबूत जुटा रही हैं। शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कर शव सुपुर्द किया जाएगा।





