सूरजगढ़: कस्बे की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। जयपुर में आयोजित संभाग स्तरीय युवा महोत्सव 2025 में पीएमश्री श्रीकृष्ण परिषद् राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सूरजगढ़ की छात्राओं ने लोक नृत्य प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर क्षेत्र, विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। छात्राओं की इस उपलब्धि ने शिक्षा जगत के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर भी सराहना बटोरी है।
जयपुर में आयोजित संभाग स्तरीय युवा महोत्सव में प्रदेशभर से चयनित विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। कड़े मुकाबले और उच्च स्तरीय प्रस्तुतियों के बीच सूरजगढ़ की बालिकाओं ने पारंपरिक लोक नृत्य की सशक्त और भावपूर्ण प्रस्तुति देकर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया और द्वितीय स्थान अपने नाम किया।
विद्यालय की इस उपलब्धि के पीछे संस्था प्रधान सुमन वर्मा का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। कार्यक्रम की तैयारी और प्रस्तुति गाइड एवं एसपीसी प्रभारी मनीषा सैनी के नेतृत्व में की गई। डॉ. अनिल शर्मा अनमोल ने जानकारी देते हुए बताया कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और टीम भावना के चलते छात्राएं इस स्तर तक पहुंच सकीं।
छात्राओं की इस सफलता पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बसंता, एसीबीईओ अनिल कुमार शर्मा और सज्जन कुल्हार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय को बधाई दी। इसके साथ ही एसएमसी अध्यक्ष सज्जन अग्रवाल, विनोद खेतान, डॉ. अरुण पुष्करणा, राकेश नांद वाला, रमाकांत शर्मा और मनोहर लाल जांगिड़ सहित शहर के गणमान्य नागरिकों ने छात्राओं की सराहना करते हुए इसे सूरजगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया।
संभाग स्तरीय युवा महोत्सव जैसे आयोजनों से छात्राओं को अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा, लोक कला और भारतीय परंपराओं को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है। सूरजगढ़ की बेटियों की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।





