चिड़ावा: शेखावाटी अंचल में होली महोत्सव का रंग इस बार कुछ अलग ही नजर आने वाला है। झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे में आज शनिवार, 28 फरवरी को शाम 7:30 बजे रामलीला मैदान (डालमियों का नोहरा), विवेकानन्द चौक पर भव्य फाग उत्सव ‘रंगीलो फागणियो’ का आयोजन किया जा रहा है। नागरिक मंडल, चिड़ावा की पहल पर पहली बार आयोजित हो रहा यह सांस्कृतिक कार्यक्रम शेखावाटी की लोक संस्कृति, पारंपरिक फाग और फाल्गुनी गीतों का जीवंत मंच बनेगा।
बिसाऊ की शंकर एण्ड पार्टी होगी मुख्य आकर्षण, चंग-ढप की थाप पर सजेगी फाल्गुनी महफिल
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बिसाऊ की मशहूर शंकर एण्ड पार्टी रहेगी, जो अपने पारंपरिक ढप, चंग और मंजीरों की थाप पर फाग गीतों की ऐसी प्रस्तुति देगी कि पूरा पांडाल झूम उठेगा। शेखावाटी की प्रसिद्ध धमाल और फाल्गुनी लोकगीतों के माध्यम से होली उत्सव की असली आत्मा को मंच पर उतारा जाएगा।
चंग की गूंज, ढप की लय और सामूहिक गायन के बीच लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि यह फाग उत्सव क्षेत्र में नई सांस्कृतिक परंपरा की शुरुआत करेगा।
महिलाओं के लिए विशेष और सुरक्षित व्यवस्था, परिवार संग उत्सव का आनंद लेने का अवसर
नागरिक मंडल ने बताया कि कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं। विशेष रूप से महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अलग से सुरक्षित बैठने की व्यवस्था की गई है। उद्देश्य यह है कि परिवार सहित अधिक से अधिक लोग इस सांस्कृतिक संध्या का आनंद ले सकें।
आयोजन का प्रमुख लक्ष्य विलुप्त होती लोक परंपराओं को संरक्षित करना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना और भाईचारे के साथ होली पर्व का उत्सव मनाना है। मंडल ने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर इस सतरंगी शाम को सफल बनाने की अपील की है।
नागरिक मंडल द्वारा जनभागीदारी सुनिश्चित करने व अधिक जानकारी के लिए संपर्क नंबर: 9828951230, 9351744483 भी जारी किए गए हैं।





