झुंझुनूं: राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम के तत्वावधान में जे.के. मोदी स्कूल झुंझुनूं में आयोजित जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन में शिक्षाविद गजपाल सिंह, वरिष्ठ अध्यापक गणित, का सम्मान किया गया। उन्हें हाल ही में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया था।
महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अंग्रेजी माध्यम ओजटू के वरिष्ठ गणित शिक्षक गजपाल सिंह को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक योगदान के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। इसी उपलक्ष्य में जिला स्तरीय सम्मेलन के मंच पर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि विधायक राजेंद्र भांबू ने गजपाल सिंह का अभिनंदन करते हुए कहा कि ऐसे समर्पित शिक्षक समाज और शिक्षा जगत के लिए प्रेरणा हैं। इस अवसर पर भाजपा नेता विश्वंभर पूनिया, एडीपीसी जयदीप झाझरिया, सहायक निदेशक समसा अशोक जांगिड़, संघ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गजपाल सिंह ने लंबे समय से गणित विषय में विद्यार्थियों को उत्कृष्ट मार्गदर्शन दिया है। उनकी मेहनत और निष्ठा ने कई विद्यार्थियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। सम्मेलन में मौजूद सभी शिक्षकों और पदाधिकारियों ने उनके योगदान की सराहना की।





