जयपुर, 30 अगस्त 2024: विप्र इंडिया वेलफेयर फाउण्डेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष निकिता शर्मा ने हाल ही में हवामहल विधायक एवं हाथौज धाम के पीठाधीश्वर बालमुकुंद आचार्य से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर शर्मा ने आचार्य को विप्र इंडिया वेलफेयर फाउण्डेशन के उद्देश्यों और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
निकिता शर्मा के विचारों और फाउंडेशन के लक्ष्यों से प्रभावित होकर बालमुकुंद आचार्य ने फाउंडेशन के संरक्षक के रूप में अपने साथ होने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने विप्र इंडिया वेलफेयर फाउण्डेशन के सदस्यता अभियान का विधिवत शुभारंभ भी किया। यह अभियान फाउंडेशन की वेबसाइट, विप्र इंडिया डॉट इन, के माध्यम से संचालित किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर विप्र इंडिया वेलफेयर फाउण्डेशन के संस्थापक पंडित अनिल शर्मा भी उपस्थित थे। आचार्य ने पंडित अनिल शर्मा और निकिता शर्मा को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया, जिससे इस भेंट का महत्त्व और भी बढ़ गया।
विप्र इंडिया वेलफेयर फाउण्डेशन, ब्राह्मण समाज के कल्याण और उन्नति के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस फाउंडेशन के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को एकजुट किया जा रहा है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।